27 से 31 मार्च तक चले राज्यस्तरीय टूर्नामेंट में 28 जिलों के 150 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
बेगूसराय। 31 मार्च 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के डॉ. श्रीकृष्ण सिंह इंडोर स्टेडियम में 27 से 31 मार्च तक आयोजित ‘हंड्रेड बिहार फर्स्ट सीनियर स्टेट बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026’ का भव्य समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में बिहार के लगभग 28 जिलों से आए 150 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि स्टेडियम के जीर्णोद्धार के बाद यह पहली बड़ी प्रतियोगिता थी, जिसने खेल प्रेमियों में खास उत्साह पैदा किया।

🏆 सिंगल्स और डबल्स मुकाबलों में रोमांच: पुरुष सिंगल्स के फाइनल में पटना के कार्तिक ने शानदार खेल दिखाते हुए मुंगेर के पयौढ़ पुष्कर को 21-17, 21-19 से हराकर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं, महिला वर्ग में बक्सर की आकांक्षा पांडे ने सारा कौसर को 21-18, 21-16 से पराजित कर जीत का परचम लहराया। मेंस डबल्स में मुजफ्फरपुर के सत्यम कुमार और यशवर्धन की जोड़ी ने समस्तीपुर के निशांत राज और आदित्य कुमार चौधरी को 21-14, 21-16 से हराया। मिक्स्ड डबल्स में तुषार कुमार सेतु और सारा कौसर की जोड़ी ने तीन सेटों तक चले रोमांचक मुकाबले में समीर राज और वैभवी सिंह को 21-14, 18-21, 21-16 से शिकस्त दी।

🎖️ पुरस्कार वितरण में शामिल हुए गणमान्य अतिथि: समापन समारोह में बेगूसराय की मेयर पिंकी देवी, ट्रैफिक एसडीपीओ रंजीत कुमार शर्मा, खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह, पूर्व मेयर आलोक कुमार अग्रवाल और संजय कुमार, सदर बीडीओ रविशंकर कुमार ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर खिलाड़ियों को ट्रॉफी, नकद राशि, ‘हंड्रेड’ के रैकेट और टी-शर्ट भी दिए गए।

🤝 ऐतिहासिक रहा टूर्नामेंट : बेगूसराय जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. रंजन कुमार चौधरी ने इसे ऐतिहासिक आयोजन बताया और गर्मी की छुट्टियों में मुफ्त प्रशिक्षण शिविर चलाने की घोषणा की।🏸 संघ के सचिव रूप किशोर मिश्रा ने बताया कि यह इस वर्ष का पहला राज्यस्तरीय टूर्नामेंट था, जिसे आयोजन समिति के प्रमुख मनोज कुमार ‘मुन्ना’ के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी के.एन. जायसवाल ने भी आयोजन की सराहना करते हुए गर्मी की छुट्टियों में खिलाड़ियों के लिए मुफ्त कैंप आयोजित करने की घोषणा की।

🏟️ स्टेडियम विकास और सुविधाओं पर जोर: ट्रैफिक एसडीपीओ रंजीत कुमार शर्मा ने स्टेडियम में बचे कार्यों को जल्द पूरा कराने और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। वहीं, मेयर पिंकी देवी ने साफ-सफाई और आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने की बात कही।

⭐ आयोजन को मिली व्यापक सराहना: इस अवसर पर कई गणमान्य लोगों और खेल प्रेमियों ने आयोजन की जमकर सराहना की और इसे बेगूसराय के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।खिलाड़ियों और आयोजकों के उत्साह को देखते हुए उम्मीद जताई गई कि आने वाले समय में बेगूसराय से भी राष्ट्रीय स्तर के चैंपियन उभरकर सामने आएंगे। इस अवसर पर बेगूसराय के बीडीओ रवि शंकर, पूर्व मेयर आलोक कुमार अग्रवाल, बैडमिंटन एसोसिएशन के सदस्य विभूतिभूषण, संयुक्त सचिव मनोज कुमार मुन्ना, संयुक्त सचिव यशवंत कुमार, खेल प्रेमी नवीन कुमार, डॉ. संजीव कुमार, भारत राजन, अंजनी कुमार, अजीत कुमार आदि ने इस आयोजन के सफलता पर भरपूर सहयोग दिया।







Total views : 77879