बेगूसराय। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़। 29 मार्च 2026
बेगूसराय:बिहार राज्य एम्बुलेंस कामगार यूनियन (सीटू संबद्ध) के बैनर तले एम्बुलेंस कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर रविवार को एक दिवसीय जिला इकाई सम्मेलन का आयोजन किया। यह सम्मेलन सुरेश स्मृति नगर स्थित रामविनय स्मृति मंच, रणदिवे भवन कपस्या चौक, बेगूसराय में संपन्न हुआ।सम्मेलन की शुरुआत सीटू के भूतपूर्व वरिष्ठ नेता सुरेश प्रसाद सिंह और राम विनय सिंह सहित ट्रेड यूनियन, वामपंथी आंदोलन एवं एम्बुलेंस कामगार आंदोलन से जुड़े दिवंगत साथियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की गई।
श्रम कानूनों और व्यवस्था पर उठे सवाल: सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए सीटू राज्य सचिव अंजनी सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में एम्बुलेंस कर्मियों समेत देशभर के मजदूर आंदोलन के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी की जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण श्रम कानूनों और संवैधानिक अधिकारों पर हमला हो रहा है, जिससे मजदूर वर्ग की एकता कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस कर्मी 24 घंटे तक ड्यूटी करते हैं, लेकिन उन्हें न्यूनतम मजदूरी भी नहीं मिलती, जबकि वेतन का बड़ा हिस्सा ठेका कंपनियों द्वारा हड़प लिया जाता है।
एम्बुलेंस कर्मियों प्रमुख मांगें थी: —एम्बुलेंस कर्मियों को स्थायी सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाए, 8 घंटे की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए, न्यूनतम ₹26,000 मासिक वेतन दिया जाए, ओवरटाइम का दुगना भुगतान किया जाए, सवैतनिक साप्ताहिक अवकाश लागू किया जाए, ग्रुप बीमा, मेडिक्लेम, भविष्य निधि (PF) और पेंशन की सुविधा दी जाए, श्रमिक कल्याण कार्ड योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए, चार श्रम संहिताओं को वापस लेने की मांग।
आंदोलन की चेतावनी: अंजनी सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के 30 जनवरी 2016 के फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि सरकार इसे लागू नहीं करती है, तो एम्बुलेंस कर्मी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि सीटू एम्बुलेंस कामगारों को संगठित कर उनके अधिकारों के लिए व्यापक संघर्ष करेगी।
नई कमेटी का गठन: सम्मेलन के अंत में 21 सदस्यीय जनरल काउंसिल के गठन की घोषणा की गई। इसमें—रंजन कुमार को अध्यक्ष, गोपाल कुमार साह को सचिव, मुकेश कुमार वर्मा को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। सम्मेलन को वरिष्ठ ट्रेड यूनियन नेता अभिनंदन झा, किसान नेता दयानिधि चौधरी, जल श्रमिक नेता राबालक सहनी, परिवहन नेता मुकेश झा, असंगठित मजदूर नेता कौशल किशोर चौधरी समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया। राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भी सम्मेलन का समर्थन किया। इनमें—मनी कुमार (वैशाली), किशोर देव (सुपौल), जय सिंह (कटिहार), विद्यानंदन सिंह (वैशाली), शर्मिंत कुमार (लखीसराय), अनिल कुमार (मधेपुरा), मो. मुस्लिम (मुजफ्फरपुर), रंजीत कुमार (सहरसा), अमित कुमार (दरभंगा) सहित कई प्रतिनिधि शामिल रहे।







Total views : 77113