बेगूसराय, 10 फरवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में गांधी स्टेडियम में आयोजित सीनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा जबकि दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मंगलवार को खेला गया। सेमिफाइनल मैच में दिनकर क्रिकेट क्लब ने बेगूसराय क्रिकेट क्लब को 4 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए 198 रन का लक्ष्य: टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेगूसराय क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 40 ओवर में 9 विकेट खोकर 198 रन बनाए। टीम की ओर से अजिंक्या ने शानदार 77 रन की पारी खेली, जबकि सत्यम ने 39 रन का योगदान दिया। दिनकर क्रिकेट क्लब की ओर से राम ने 3 विकेट और राम विनीत शरण ने 2 विकेट हासिल किए।
शिवम की नाबाद 84 रन की पारी से जीता मैच: जवाब में उतरी दिनकर क्रिकेट क्लब की टीम ने 39वें ओवर में 6 विकेट खोकर 201 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में शिवम की नाबाद 84 रन की पारी निर्णायक रही, वहीं चंदन ने 58 रन बनाए। बेगूसराय क्रिकेट क्लब की ओर से सुमित और सिद्धार्थ ने 2-2 विकेट लिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शिवम को “मैन ऑफ द मैच” का पुरस्कार दिया गया।
11 फरवरी को फाइनल मुकाबला: मैच के दौरान जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश सहित निराला कुमार, मुकेश कुमार पप्पू, मो. शकील, विवेक कुमार, आशीष कुमार गुप्ता और जहीर खान उपस्थित थे। निराला कुमार ने जानकारी दी कि लीग का फाइनल मुकाबला 11 फरवरी को सुबह 9 बजे से गांधी स्टेडियम में दिनकर क्रिकेट क्लब और बलिया क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाएगा। खेल प्रेमियों में फाइनल को लेकर उत्साह चरम पर है।





Total views : 69908