बेगूसराय | 7 फ़रवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
कांग्रेस पार्टी के मीडिया विभाग द्वारा ‘टैलेंट हंट – बिहार की आवाज़’ अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस भवन बेगूसराय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष कुशमेश कुमार शांडिल्य ने कहा कि बिहार लोकतांत्रिक मूल्यों की भूमि रही है और आज कांग्रेस पार्टी प्रजातंत्र की मजबूती के लिए एक नई पहल कर रही है।उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में जब देश अन्याय और तानाशाही प्रवृत्तियों से जूझ रहा है, तब बिहार की आवाज़ को मुखर करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह टैलेंट हंट शुरू किया गया है।
मीडिया, रिसर्च और पब्लिसिटी में तलाशे जाएंगे प्रतिभाशाली युवा : बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य कुमार रत्नेश टुल्लू ने बताया कि यह नेशनल टैलेंट हंट कांग्रेस के मीडिया विभाग की अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य ज़मीनी स्तर से प्रतिभाशाली लोगों की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षित और सशक्त बनाना है। इस पहल के तहत तीन प्रमुख क्षेत्रों—मीडिया प्रवक्ता/पैनलिस्ट, रिसर्च कोऑर्डिनेटर और पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटर—में योग्य प्रतिभाओं का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, समावेशी और योग्यता आधारित होगी।
चार जोन में होगा आयोजन: लीगल सेल जिलाध्यक्ष संजय सम्राट ने कहा कि यह कार्यक्रम जिला और प्रखंड स्तर तक नए प्रोफेशनल लोगों को कांग्रेस से जोड़ने का अवसर देगा। वहीं विचार विभाग जिलाध्यक्ष रामपदारथ यादव ने बताया कि टैलेंट हंट को बिहार के चार जोन में आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद चयनित प्रतिभागियों का अंतिम चयन पटना में होगा।कार्यक्रम में पूर्व जिला महासचिव सावर कुमार, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राम स्वरूप पासवान, राघव कुमार सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






Total views : 69889