बेगूसराय, 24 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय आर्ट गैलरी में भव्य रूप से आयोजित हुआ ‘सुशासन दिवस–नीतीश संवाद’, 20 वर्षों के विकास कार्यों पर हुई चर्चा
जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से मंगलवार को बेगूसराय आर्ट गैलरी प्रेक्षागृह में ‘सुशासन दिवस–नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। ‘20 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार में पिछले 20 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सुशासन, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और अल्पसंख्यक कल्याण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से उठाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जदयू के राष्ट्रीय महासचिव अफाक अहमद, बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा, चेरिया बरियारपुर के विधायक अभिषेक आनंद, मटिहानी के पूर्व विधायक राजकुमार सिंह, प्रदेश सचिव नरेंद्र कुमार, जीवू जी तथा महिला नेत्री रीना चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय ने की, जबकि मंच संचालन नगर अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह ने किया।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने बनाई विकास की नई पहचान: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जदयू के राष्ट्रीय महासचिव अफाक अहमद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक जीवन, संघर्ष, व्यक्तित्व और बिहार के विकास में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित की है। मटिहानी के पूर्व विधायक राजकुमार सिंह ने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जितने कार्य किए हैं, उतने किसी अन्य नेता ने नहीं किए। उन्होंने कहा कि आज अल्पसंख्यक समाज नीतीश कुमार के योगदान को याद करता है। उन्होंने यहां तक कहा कि वे चाहते हैं कि बिहार का नाम बदलकर ‘नीति प्रदेश’ कर दिया जाए। इस संबंध में उन्होंने अपने नेता के समक्ष मांग भी रखी है। चेरिया बरियारपुर के विधायक अभिषेक आनंद ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने 20 वर्षों के कार्यकाल में विकास के ऐसे अनेक कार्य किए हैं, जिनकी वजह से वे हर वर्ग और समाज के लोगों के विश्वास का हिस्सा बने हैं। उनके नेतृत्व में बिहार को विकास की नई दिशा मिली है। बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा, प्रदेश सचिव नरेंद्र कुमार, जीवू जी और महिला नेत्री रीना चौधरी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने सरकार की उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने और पार्टी संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान: जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय ने प्रदेश से आए सभी अतिथियों, जिला पदाधिकारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जदयू बेगूसराय के मीडिया प्रभारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास, सुशासन, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और अल्पसंख्यक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि ‘20 साल बेमिसाल’ महज एक नारा नहीं, बल्कि बिहार में हुए विकास और बदलाव की यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
बड़ी संख्या में जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी रहे मौजूद: कार्यक्रम में प्रदेश की महिला नेत्री शकुंतला गुप्ता, मोनिका कुमारी, अर्चना कुमारी, संगीता राय एवं प्रेमलता के साथ महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी देवी, चिकित्सा प्रकोष्ठ के डॉ. सुधीर पासवान, छात्र प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष श्याम कुमार सिंह, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष पंकज राय, अनुसूचित जाति एवं अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सरफराज आलम, अनिल पटेल, जिला प्रवक्ता गांधी जी, मीडिया सेल के मोनू पटेल, कार्यालय प्रभारी विपिन पासवान एवं राम आशीष सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा मंसूरचक, बछवाड़ा, भगवानपुर, तेघड़ा, बरौनी, वीरपुर, बेगूसराय, मटिहानी, बलिया, बखरी, डंडारी, साहेबपुर कमाल, चेरिया बरियारपुर, खोदावंदपुर, छौड़ाही एवं गढ़पुरा सहित विभिन्न प्रखंडों और नगर इकाइयों के अध्यक्षों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। जिले की विभिन्न पंचायतों के पंचायत अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों तथा बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने आयोजन को व्यापक स्वरूप प्रदान किया। इस दौरान प्रदेश से आए अतिथियों एवं वरिष्ठ नेताओं को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन बिहार में सुशासन, विकास और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संदेश एवं सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।






Total views : 118501