1,102 परिवारों को मिला पक्के मकान का तोहफा बेगूसराय में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और ऊर्जा क्षेत्र की योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास; 375.87 करोड़ की सीवरेज परियोजना की भी रखी गई आधार शिला
बेगूसराय, 21 नवंबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय। बिहार के विकास को नई गति देने की दिशा में शनिवार को बेगूसराय जिले को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली जिले से ‘नीतीश सेतु’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्यभर में लगभग 34 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण: बेगूसराय स्थित प्रेक्षा गृह में किया गया। यहां आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक मनीष, विधान पार्षद सुरेश राय, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, नगर निगम की महापौर पिंकी देवी, उप महापौर अनिता राय सहित विभिन्न नगर निकायों के मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद, जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुक उपस्थित रहे।
बेगूसराय को 401.07 करोड़ की योजनाओं की सौगात: जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, ऊर्जा, नगर विकास, परिवहन एवं आवास से जुड़ी कुल 401.07 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं से जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, शैक्षणिक सुविधाएं, खेल संसाधन और शहरी सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं को मिली मजबूती: स्वास्थ्य क्षेत्र में साहेबपुरकमाल प्रखंड में 1.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (APHC) का उद्घाटन किया गया। वहीं, बछवाड़ा एवं बरौनी प्रखंड में 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) भी जनता को समर्पित की गई। खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए 7.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित खेल भवन-सह-व्यायामशाला का भी उद्घाटन किया गया। इससे जिले के खिलाड़ियों को अभ्यास और खेल गतिविधियों के लिए बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध होगी।
शिक्षा के क्षेत्र में भी मिली नई सौगात: शैक्षणिक आधारभूत संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न प्रखंडों में निर्मित विद्यालय भवनों का उद्घाटन किया गया।इसके तहत मटिहानी प्रखंड के सिहमा स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय भवन का निर्माण 1.95 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया है।वहीं, खोदावंदपुर प्रखंड के बेगमपुर, तेघड़ा प्रखंड के गौड़ा और बछवाड़ा प्रखंड के फतेहा स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय भवनों का क्रमशः 95 लाख, 95 लाख और 1.22 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उद्घाटन किया गया।
ऊर्जा क्षेत्र में 11.18 करोड़ का पावर सब-स्टेशन: बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बरौनी प्रखंड के न्यू इंडस्ट्रियल एरिया में RDSS योजना के तहत 11.18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पावर सब-स्टेशन का उद्घाटन किया गया। इससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
375.87 करोड़ की सीवरेज परियोजना से बदलेगी बेगूसराय शहर की तस्वीर::बेगूसराय शहर के लिए सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में नगर एवं आवास विभाग के अंतर्गत 375.87 करोड़ रुपये की प्राक्कलित लागत से बनने वाली सीवरेज नेटवर्क परियोजना का शिलान्यास शामिल है।इस परियोजना के पूरा होने से शहर में सीवरेज नेटवर्क विकसित होगा तथा गंदे पानी की निकासी और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इससे शहरी आधारभूत संरचना को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।इसके अलावा परिवहन विभाग की PM-E Drive योजना के तहत साहेबपुरकमाल प्रखंड में चार इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना का भी शिलान्यास किया गया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
1,102 लाभुकों को मिला पक्के मकान का तोहफा: कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत जिले के 1,102 लाभुक परिवारों को उनके नवनिर्मित पक्के आवास की चाबी सौंपी गई। इससे इन परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास की सुविधा मिलेगी। अपने पक्के घर का सपना पूरा होने से लाभुक परिवारों में खुशी का माहौल रहा।
विकास को मिलेगी नई रफ्तार: इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से बेगूसराय जिले में स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, खेल, बिजली, शहरी स्वच्छता, परिवहन और आवास के क्षेत्र में व्यापक सुधार की उम्मीद है। खासकर सीवरेज नेटवर्क परियोजना से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं शिक्षा संबंधी सुविधाओं का विस्तार होगा।कुल मिलाकर, केंद्र और राज्य सरकार की इन विकास योजनाओं से बेगूसराय जिले के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने के साथ विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।







Total views : 118291