जिलाधिकारी रिची पांडेय ने किया अभियान का उद्घाटन, 26 नवंबर तक घर-घर पहुंचेंगी 1,582 टीमें; शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की
बेगूसराय, 22 नवंबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय। भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को बेगूसराय जिले में पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन जिलाधिकारी रिची पांडेय ने किया। यह अभियान 22 से 26 नवंबर 2026 तक जिले में संचालित किया जाएगा। इसके तहत शून्य से पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद जिंदगी की खुराक पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
4.85 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य: जिले में इस अभियान के तहत कुल 6,28,486 लक्षित घरों और 4,85,721 बच्चों को आच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए कुल 1,582 टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौक-चौराहों पर भी दवा पिलाने की व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी बच्चा इस महत्वपूर्ण अभियान से वंचित न रह जाए।
अस्पतालों में भी की गई विशेष व्यवस्था: अभियान के दौरान सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, अनुमंडलीय अस्पतालों एवं सदर अस्पताल में भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की समुचित व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक पात्र बच्चे तक अभियान का लाभ पहुंचे।
अभिभावकों से सहयोग की अपील: इस अवसर पर डॉ. अशोक कुमार, अशैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी तथा डॉ. गोपाल मिश्रा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, बेगूसराय ने आमजनों एवं अभिभावकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने घरों और आसपास के शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। पोलियो की एक भी खुराक छूटने नहीं दें, क्योंकि प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षित रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे स्वास्थ्यकर्मियों का सहयोग करें और अभियान को सफल बनाकर स्वस्थ एवं पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करें।







Total views : 118291