कूच बिहार ट्रॉफी के लिए बिहार टीम घोषित, अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में आयुष कुमार का भी चयन; 26 नवंबर से उत्तराखंड में होगा मुकाबला
बेगूसराय, 22 नवंबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय। जिले के क्रिकेट जगत के लिए गर्व और खुशी की खबर है। बेगूसराय के प्रतिभाशाली क्रिकेटर पुष्पम राज को बिहार अंडर-19 क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी के लिए बिहार टीम की घोषणा कर दी गई है। घोषित टीम में बेगूसराय के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला है।बिहार टीम की कमान पुष्पम राज को सौंपी गई है।
वहीं, बेगूसराय के युवराज यादव और आशीष कुमार को मुख्य टीम में जगह मिली है। इसके अलावा आयुष कुमार का चयन अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में किया गया है। ये सभी खिलाड़ी 26 नवंबर से उत्तराखंड में आयोजित होने वाली कूच बिहार ट्रॉफी में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खिलाड़ियों के चयन पर बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बेगूसराय के क्रिकेटर लगातार विभिन्न आयु वर्गों और प्रारूपों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। वे बिहार टीम में जगह बनाकर राज्य के लिए बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट में बेगूसराय की अंडर-19 टीम चैंपियन बनी थी। उसी शानदार प्रदर्शन और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है कि आज बेगूसराय का खिलाड़ी बिहार अंडर-19 टीम की कप्तानी कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी कूच बिहार ट्रॉफी में भी अपने शानदार प्रदर्शन से बिहार का नाम रोशन करेंगे। बेगूसराय के चार खिलाड़ियों के चयन और पुष्पम राज को कप्तानी मिलने से जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है।
इस उपलब्धि पर बेगूसराय के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विधान पार्षद रजनीश कुमार, विधायक कुंदन कुमार एवं सुरेंद्र मेहता, मेयर पिंकी देवी, जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार, उपाध्यक्ष सुनील कुमार टीकमनी, संयुक्त सचिव शुभम भारद्वाज, कोषाध्यक्ष निगम कुमारी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा, सुमित सनी, कुंदन भारती, निरंजन कुमार सिंह, कृष्ण मोहन पप्पू, दिलजीत कुमार, आशीष गुप्ता, निराला कुमार, विश्वजीत कुमार, जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू सिंह, प्रेम रंजन पाठक, दानिश आलम, प्रतीक भानु, ललन कुमार, शोभित पासवान, शाहिद राम, कुमार अख्तर, जितेंद्र कुमार, मो. शकील राम एवं विनीत शरण सहित कई गणमान्य लोगों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।बेगूसराय के इन होनहार खिलाड़ियों की उपलब्धि ने जिले को गौरवान्वित किया है। अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें 26 नवंबर से शुरू होने वाली कूच बिहार ट्रॉफी पर टिकी हैं।






Total views : 118289