वीर शहीद लेफ्टिनेंट ऋषि कुमार की स्मृति में आयोजित होगा समारोह, सुरक्षा से लेकर यातायात और चिकित्सा व्यवस्था तक प्रशासन ने पूरी की तैयारी
बेगूसराय, 16 नवंबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन मंगलवार, 17 नवंबर को बेगूसराय पहुंचेंगे। इस दौरान वे जीडी कॉलेज, बेगूसराय परिसर में आयोजित बलिदान दिवस-सह-सैनिक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह समारोह वीर शहीद लेफ्टिनेंट ऋषि कुमार की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। राज्यपाल के आगमन एवं कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक मनीष ने संयुक्त आदेश जारी किया है।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी सुरक्षा व्यवस्था: कार्यक्रम स्थल के हेलीपैड, मंच, दर्शक दीर्घा एवं विभिन्न प्रवेश द्वारों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रवेश द्वारों पर डीएफएमडी एवं एचएचएमडी मशीनों के माध्यम से सघन जांच की जाएगी। जांच के बाद ही आगंतुकों को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
चिकित्सा एवं अग्निशमन की विशेष व्यवस्था: किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए कार्यक्रम स्थल और कारकेड के साथ चिकित्सकों की टीम तथा जीवनरक्षक उपकरणों से सुसज्जित एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा अग्निशमन दस्ते की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। आपातकालीन चिकित्सा सेवा के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय एवं मेडिवर्सल सिमरन हॉस्पिटल, उलाव रोड को भी अलर्ट रखा गया है।
वाहनों के लिए बनाए गए पार्किंग स्थल: कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए वाहनों की पार्किंग हेतु जीडी कॉलेज के मुख्य द्वार के कॉरिडोर के बाएं और दाएं हिस्से तथा मुख्य द्वार के सामने स्थित सेंट पॉल स्कूल परिसर को पार्किंग स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है।
सुबह 8 बजे से कार्यरत रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष: कार्यक्रम के दौरान सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान एवं आपसी समन्वय के लिए समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन के ऊपरी तल पर 17 नवंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा।जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06243-222835 जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया है





Total views : 116893