HRG समुदाय के बीच HIV रोकथाम, जागरूकता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयासों की हुई समीक्षा।
बेगूसराय। 13 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
HRG (High Risk Groups) समुदाय के बीच HIV संक्रमण की रोकथाम, स्वास्थ्य जागरूकता तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यरत संस्था परिधि भारती की लक्षित हस्तक्षेप (Targeted Intervention-TI) परियोजना का DISHA के तकनीकी विशेषज्ञ शैलेश शुक्ला एवं जिला एड्स नियंत्रण एवं बचाव इकाई के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) अरविन्द कुमार राय ने संयुक्त रूप से अनुश्रवण किया। इस क्रम में दोनों अधिकारियों ने परियोजना कार्यालय का भ्रमण कर संचालित गतिविधियों, कार्यप्रणाली एवं अब तक अर्जित उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर परिधि भारती के मानद कार्यपालक निदेशक इं. कौशलेंद्र कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने परियोजना के माध्यम से HIV संक्रमण की रोकथाम के लिए समुदाय के बीच किए जा रहे प्रयासों तथा लक्षित समूहों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में संस्था की भूमिका पर प्रकाश डाला।
परियोजना प्रबंधक राजीव कुमार सुमन ने अधिकारियों को परियोजना की विभिन्न गतिविधियों, निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध प्रगति, समुदाय के साथ नियमित संपर्क, परामर्श एवं जांच सेवाओं से जुड़ाव तथा परियोजना की प्रमुख उपलब्धियों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने बताया कि परियोजना की टीम समुदाय के बीच निरंतर सक्रिय रहकर HIV संक्रमण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सुरक्षित व्यवहार को प्रोत्साहित करने और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
अनुश्रवण के दौरान अधिकारियों ने परियोजना के क्रियान्वयन, टीम की कार्यप्रणाली एवं सामुदायिक स्तर पर किए जा रहे हस्तक्षेपों की समीक्षा की तथा कार्यों की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर परियोजना के परामर्शी, आउटरीच वर्कर सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
परिधि भारती का संकल्प है कि समुदाय की सक्रिय सहभागिता, सतत जागरूकता और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से HIV संक्रमण की रोकथाम के राष्ट्रीय प्रयासों को मजबूती प्रदान की जाए तथा HIV मुक्त भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में सार्थक योगदान दिया जाए।





Total views : 116570