आस्था, समर्पण और सामाजिक सहयोग की मिसाल बनी संस्था, जरूरतमंद व्रतियों को पूजा सामग्री के साथ दी गई दक्षिणा
बेगूसराय, 12 नवंबर 2026।, नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सामाजिक संस्था ‘संस्कार संस्कृति’ की ओर से लगातार 11वें वर्ष छठ व्रती महिलाओं के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया। संस्था की ओर से इस वर्ष 108 जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर छठ व्रती महिलाओं को छठ पूजा की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
इस सेवा कार्य के तहत व्रती महिलाओं को गेहूं, चावल, चना दाल, चीनी, घी, नारियल, नींबू, कद्दू, सिंदूर, अगरबत्ती, मसाले एवं पंचमेवा सहित छठ पूजा में उपयोग होने वाली विभिन्न सामग्रियां प्रदान की गईं। इसके साथ ही महिलाओं को दक्षिणा तथा दूध रखने के लिए स्टील का डिब्बा भी दिया गया।
कार्यक्रम में बेगूसराय नगर निगम की महापौर एवं उपमहापौर के साथ महिला कॉलेज की पूर्व प्राचार्या डॉ. स्वप्ना चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उपस्थित अतिथियों ने संस्था के इस सामाजिक एवं सेवा भाव से जुड़े प्रयास की सराहना की।
संस्कार संस्कृति की सदस्यों ने बताया कि पिछले 11 वर्षों से संस्था लगातार इस पुनीत कार्य को करती आ रही है। यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं, बल्कि सामूहिक सहयोग, समर्पण और टीम वर्क का परिणाम है। संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के उन जरूरतमंद परिवारों तक छठ पर्व की खुशियां पहुंचाना है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण पूजा की आवश्यक तैयारियां करने में असमर्थ होते हैं।
संस्था का मानना है कि किसी भी पर्व की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग उसमें समान रूप से शामिल हो सके। इसी सोच के साथ संस्कार संस्कृति पिछले 11 वर्षों से सेवा, सहयोग और सामाजिक एकता की मिसाल पेश कर रही है।
संस्था की यह पहल केवल पूजन सामग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के घरों में आस्था, सम्मान और खुशियों का दीप जलाने का एक सार्थक प्रयास है।






Total views : 116247