पिता का सपना पूरा करने की दिशा में बढ़ाया कदम, अब एयरलाइन में फर्स्ट ऑफिसर बनने की तैयारी; मां और बड़े भाई के सहयोग को बताया अपनी सफलता की ताकत
बेगूसराय, 10 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
आज के दौर में जहां अधिकांश युवा डॉक्टर, इंजीनियर और आईएएस अधिकारी बनकर अपना करियर संवारने का सपना देखते हैं, वहीं कुछ युवा परंपरागत करियर विकल्पों से अलग हटकर अपनी अलग पहचान बनाने की राह चुन रहे हैं। ऐसे ही युवाओं में बेगूसराय के प्रांजल प्रसून शामिल हैं, जिन्होंने आसमान की ऊंचाइयों को अपना लक्ष्य बनाते हुए कमर्शियल पायलट बनने का सपना चुना और साढ़े तीन वर्षों की मेहनत, लगन एवं दृढ़ संकल्प के बाद कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) हासिल कर लिया है। प्रांजल को पिछले महीने कमर्शियल पायलट लाइसेंस प्राप्त हुआ। अब वह किसी एयरलाइन में फर्स्ट ऑफिसर के रूप में अपना करियर शुरू करने की तैयारी में हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि बेगूसराय के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।

पिता का सपना था कुछ अलग और बेहतर करना: प्रांजल प्रसून के पिता स्व. संजय कुमार सिन्हा ब्लॉक में सरकारी सेवा में कार्यरत थे। वर्ष 2023 में उनका निधन हो गया। उनकी माता रागिनी सिन्हा वर्तमान में बेगूसराय में सरकारी नौकरी में कार्यरत हैं। उनका परिवार पिछले 20 वर्षों से भी अधिक समय से बेगूसराय में रह रहा है। प्रांजल बताते हैं कि वह जीवन में कुछ अलग करना चाहते थे। उनके पिता की भी यही इच्छा थी कि वे सामान्य करियर विकल्पों से आगे बढ़कर जीवन में कुछ अलग और बेहतर करें। परिवार में पहले से ही इंजीनियर होने के कारण, उनके बड़े भाई सौमिक प्रियम बेंगलुरु की एक आईटी कंपनी में कार्यरत हैं। ऐसे में प्रांजल ने अपने लिए एक अलग क्षेत्र चुनने का निर्णय लिया।
मर्चेंट नेवी से एविएशन तक का सफर: प्रांजल बताते हैं कि शुरुआत में उन्होंने मर्चेंट नेवी ऑफिसर बनने के बारे में सोचा था, लेकिन इस पेशे में लंबे समय तक जहाजों पर रहकर सेवा देनी पड़ती है। जबकि उनकी माँ को अकेले घर संभालना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद उन्होंने एविएशन क्षेत्र को अपने करियर के रूप में चुना। इस क्षेत्र की जीवनशैली, रहन-सहन का स्तर और भविष्य में मिलने वाले अवसर उन्हें काफी आकर्षित करते हैं। उनका लक्ष्य अगले पांच वर्षों में एविएशन के क्षेत्र में एक सफल मुकाम हासिल करना है।
DGCA की परीक्षाएं पास कर शुरू की उड़ान की तैयारी: प्रांजल ने वर्ष 2023 में अपनी एविएशन यात्रा शुरू की। सबसे पहले उन्होंने अनिवार्य मेडिकल प्रक्रिया पूरी की और इसके बाद ग्राउंड क्लासेज की पढ़ाई के लिए दिल्ली चले गए। वहां उन्होंने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की परीक्षाओं की तैयारी की और सफलता प्राप्त की। कमर्शियल पायलट बनने की प्रक्रिया में DGCA की पांच प्रमुख परीक्षाएं शामिल होती हैं, जिनमें मौसम विज्ञान (Meteorology), विमानन नियम (Air Regulations), हवाई नेविगेशन (Air Navigation), तकनीकी सामान्य ज्ञान (Technical General) और रेडियो टेलीफोनी (RTR) शामिल हैं।
पिता के निधन के बाद भी नहीं टूटने दिया हौसला: प्रांजल की इस यात्रा में वर्ष 2023 उनके लिए बेहद कठिन रहा। इसी दौरान उनके पिता का निधन हो गया। यह उनके जीवन का बेहद दुखद और चुनौतीपूर्ण समय था। हालांकि, परिवार के सहयोग ने उन्हें इस कठिन परिस्थिति से उबरने की ताकत दी।प्रांजल अपनी सफलता का श्रेय विशेष रूप से अपनी मां को देते हैं। उनका कहना है कि पिता के निधन के बाद मां ने मां और पिता दोनों की भूमिका निभाई। हर कठिन परिस्थिति में वह उनके साथ खड़ी रहीं और लगातार हौसला बढ़ाती रहीं। वहीं, बड़े भाई सौमिक प्रियम ने भी हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
200 घंटे की उड़ान पूरी कर हासिल किया: CPLग्राउंड ट्रेनिंग और DGCA की परीक्षाएं सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद प्रांजल ने वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित एक फ्लाइंग स्कूल में दाखिला लिया और अपनी वास्तविक उड़ान प्रशिक्षण (Flying Training) की शुरुआत की। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने कुल 200 घंटे की उड़ान पूरी की। इसमें 185 घंटे सिंगल इंजन एयरक्राफ्ट और 15 घंटे मल्टी इंजन एयरक्राफ्ट पर उड़ान का अनुभव शामिल है। इस कठिन प्रशिक्षण को पूरा करने के बाद उन्हें कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) प्राप्त हुआ।
शिक्षा बेगूसराय और पटना में हुई पूरी: प्रांजल की शुरुआती स्कूली शिक्षा सेंट पॉल्स स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने इटवा DAV में पढ़ाई की और दसवीं कक्षा तक्षशिला स्कूल से पूरी की। वहीं, बारहवीं की शिक्षा उन्होंने पटना स्थित डॉ. डी.वाई. पाटिल स्कूल से प्राप्त की।
CPL हासिल करना मंजिल नहीं, सफर की पहली सीढ़ी: अपनी भविष्य की योजनाओं को लेकर प्रांजल कहते हैं कि वह किसी एयरलाइन में फर्स्ट ऑफिसर के रूप में अपना करियर शुरू करना चाहते हैं। उनका मानना है कि अभी जीवन में बहुत कुछ हासिल करना बाकी है और कमर्शियल पायलट लाइसेंस प्राप्त करना उनकी यात्रा का केवल पहला कदम है।उनका एक बड़ा सपना है, जिसे पूरा करने के लिए वह अपनी ओर से हर संभव प्रयास करेंगे। उन्हें पूरा विश्वास है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर एक दिन वह अपने सपने को जरूर साकार करेंगे।
प्रांजल प्रसून की कहानी इस बात का उदाहरण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और कठिन परिस्थितियों में भी हौसला कायम रहे, तो सपनों को नई उड़ान दी जा सकती है। बेगूसराय के इस युवा ने आसमान को अपना कार्यक्षेत्र चुनकर यह साबित किया है कि सफलता के लिए जरूरी नहीं कि हर कोई एक ही रास्ते पर चले, बल्कि अपनी रुचि और जुनून के अनुसार चुना गया अलग रास्ता भी नई पहचान दिला सकता है।







Total views : 115661