18 अक्टूबर से शुरू होगा सिमरिया धाम में कल्पवास मेला, जाम से निपटने और खराब सड़कों की मरम्मत के डीएम ने दिए निर्देश
बेगूसराय, 11 अक्टूबर 2026 रविवार| नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
सिमरिया धाम में आगामी 18 अक्टूबर से शुरू होने वाले कल्पवास मेले और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में रविवार को जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक मनीष ने जीरोमाइल से सिमरिया घाट तक सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था और चकिया के समीप चल रहे ओवरब्रिज निर्माण कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या दूर करने और खराब सड़कों की अविलंब मरम्मत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं और आम लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
थर्मल के पास सड़क की मरम्मत का निर्देश: निरीक्षण के क्रम में डीएम ने चकिया और थर्मल के समीप सड़क की स्थिति का जायजा लिया। थर्मल के पास डायवर्सन के कारण सड़क खराब होने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मिट्टी भराई कराकर सड़क को हल्के वाहनों के परिचालन योग्य बनाने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि जाम की समस्या कम हो और लोगों को आवागमन में सहूलियत मिले।
आईओसीएल के रात्रिकालीन कंसाइनमेंट के परिचालन पर भी जोर: जिला पदाधिकारी ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के रात्रि में आने वाले कंसाइनमेंट के सुचारु परिचालन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्रशासन के सहयोग और समन्वय से रात्रिकालीन कंसाइनमेंट के आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसका उद्देश्य कंसाइनमेंट के परिचालन के दौरान अनावश्यक जाम को रोकना और सामान्य यातायात व्यवस्था को प्रभावित होने से बचाना है।
18 अक्टूबर से शुरू होगा कल्पवास मेला: गौरतलब है कि सिमरिया धाम में 18 अक्टूबर से कल्पवास मेले का आयोजन होना है। इसके अलावा दुर्गा पूजा के दौरान भी सिमरिया घाट जाने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों की काफी भीड़ रहती है। ऐसे में जीरोमाइल से सिमरिया घाट तक सड़क पर जाम लगने की आशंका बनी रहती है।इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन यातायात प्रबंधन, सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान में जुटा है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि कल्पवास मेले और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ पर बेगूसराय की स्थानीय खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों और जनहित से जुड़ी खबरों के लिए जुड़े रहें।





Total views : 111540