समादेष्टा पुष्कर आनंद ने विश्व कल्याण के लिए की पूजा-अर्चना, महिषासुर के मुख से निकलेगी आग; मेले में झूले और जागरण होंगे आकर्षण का केंद्र
बेगूसराय। बीएमपी-8, बेगूसराय स्थित वैष्णवी दुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा की प्रथम स्वरूपा मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना शुरू हो गई। इस अवसर पर पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई गई। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।इस बार पूजा का शुभारंभ समादेष्टा पुष्कर आनंद, उनकी पत्नी अंशु श्वेता, समादेष्टा के पिता तथा वाहिनी के कर्मियों सुभाष चंद्र झा, संजय कुमार सिंह और लक्ष्मी कुमार की उपस्थिति में हुआ। मंदिर के मुख्य पुरोहित पंडित शिवकुमार झा ने वैदिक मंत्रों के साथ पूजा-अर्चना कराई। इस शुभ अवसर पर समादेष्टा पुष्कर आनंद ने समस्त वाहिनी, विश्व की सुख-समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना की।

महिषासुर के मुख से निकलेगी आग, दिखेंगे भगवान विष्णु, शिव और ब्रह्मा: इस वर्ष वैष्णवी दुर्गा मंदिर की पूजा में श्रद्धालुओं को कुछ खास आकर्षण देखने को मिलेंगे। पूजा समिति की ओर से महिषासुर के मुख से आग निकलने की विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही भगवान विष्णु, भगवान शंकर और ब्रह्मा जी को भी आकर्षक एवं अलग अंदाज में प्रदर्शित करने की तैयारी है। इस विशेष प्रस्तुति को तैयार करने में स्वचालित इलेक्ट्रॉनिक व्यवस्था से जुड़े कलाकार सुमन चंद ठाकुर, राजाराम सिंह और अमरदीप कुमार दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। समिति के सदस्य तन-मन और श्रद्धा के साथ आयोजन को भव्य बनाने में जुटे हैं। समादेष्टा पुष्कर आनंद भी समय-समय पर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि पूजा और मेले का आयोजन व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बच्चों के लिए झूले, खाने-पीने की दुकानें और मनोरंजन के कार्यक्रम: पूजा के साथ मंदिर परिसर में मेले का भी आयोजन किया जा रहा है। मेले में बच्चों के लिए झूले, खाने-पीने की दुकानें और मनोरंजन के विभिन्न कार्यक्रम आकर्षण का केद्र रहेंगे। श्रद्धालुओं के मनोरंजन और भक्ति भाव को ध्यान में रखते हुए देवी जागरण का भी आयोजन किया जा रहा है।समिति के सदस्य सुभाष झा ने बताया कि कलश स्थापना से लेकर सप्तमी तक जागरण और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके लिए पटना से कलाकारों को आमंत्रित किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय कलाकार भी देवी जागरण के कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देंगे।
शाम 6:30 बजे महाआरती, 7 बजे से देवी जागरण: वैष्णवी दुर्गा मंदिर में हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी प्रतिदिन संध्या 6:30 बजे महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, शाम 7 बजे से माता के जागरण का कार्यक्रम आयोजित होगा। इन आयोजनों में श्रद्धालु भक्ति गीतों और माता की आराधना के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण का आनंद ले सकेंगे।बीएमपी-8 के वैष्णवी दुर्गा मंदिर में नवरात्र को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। धार्मिक अनुष्ठानों, आकर्षक सजावट, इलेक्ट्रॉनिक झांकियों और मेले के आयोजन से इस बार भी श्रद्धालुओं को विशेष अनुभव मिलने की उम्मीद है।
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़, बेगूसराय।





Total views : 111541