बेगूसराय। 3 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला स्थापना दिवस एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के अवसर पर शुक्रवार की संध्या दिनकर कला भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले की लोक-संस्कृति, कला, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर शाम तक बांधे रखा। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पूजा प्रीतम, अनुमंडल पदाधिकारी अश्विनी कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद वंदे मातरम् और राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई।
हमार बेगूसराय’ समेत कई प्रस्तुतियों ने बांधा समां:
सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों ने नृत्य-नाटिका, संगीत, लोकनृत्य और भाव नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र की संगीत प्रस्तुति के बाद तारुणी तारण नाट्य समिति, बेगूसराय डांस जोन और त्रिवेणी संस्था की ओर से लोकनृत्य प्रस्तुत किया गया।
हमार बेगूसराय’ भाव नृत्य और ‘हमारा बेगूसराय-प्यारा बेगूसराय’ काव्यात्मक प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के कलाकारों ने भजन आधारित नृत्य भी प्रस्तुत किया। इंडियन आइडल फाइनलिस्ट एवं सुरसंग्राम और भारत के अमृत कलश फेम सौम्या मिश्रा की संगीत प्रस्तुति पर भी दर्शकों ने उत्साह दिखाया।
कार्यक्रम के समापन पर जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने लोकप्रिय गीत “हर घड़ी बदल रही है रूप ज़िंदगी…” प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित लोगों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया।
कलाकारों, कर्मियों और स्वच्छता योद्धाओं का सम्मान:
54वें जिला स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों तथा कला एवं संस्कृति से जुड़े उत्कृष्ट कार्य करने वालों को जिला पदाधिकारी ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। स्वच्छता ही सेवा 2026 के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड समन्वयकों, जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता पर्यवेक्षकों और स्वच्छता कर्मियों को भी सम्मान मिला।
इससे पहले कंकौल स्थित प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी में 29 सितंबर से आयोजित सृजनोत्सव-2 चित्रकला, मूर्तिकला एवं शिल्पकला प्रदर्शनी में स्थानीय विद्यालयों के बच्चों के लिए कार्यशाला आयोजित की गई थी। इसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने हिस्सा लिया।
सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र दिया गया, जबकि राज्य के विभिन्न जिलों से आए अतिथि कलाकारों को कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने सम्मानित किया। जिला स्थापना दिवस की सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं और कलाकारों की भागीदारी ने जिले की कला एवं लोक परंपराओं को मंच प्रदान किया।





Total views : 109902