बेगूसराय आर्ट गैलरी में ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम, बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने लिया हिस्सा
बेगूसराय, 2 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
महात्मा गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर बेगूसराय आर्ट गैलरी सभागार में ‘जीविका दीदी के 20 साल बेमिसाल’ एवं ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर हुई।
कार्यक्रम में जीविका के माध्यम से बिहार की ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण पर चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी देवी ने की, जबकि संचालन मोनिका कुमारी ने किया।
मुख्य वक्ता एवं खगड़िया नगर विधायक बबलू मंडल ने कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर बचत, बैंकिंग, ऋण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि आज जीविका दीदियां व्यवसाय, कृषि, स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
बबलू मंडल ने कहा, “जीविका दीदी, नीतीश कुमार जी की सोच से महिला सशक्तीकरण की नई पहचान बनी हैं।”
समस्तीपुर के कल्याणपुर की पूर्व विधायक मंजू कुमारी ने कहा कि जीविका से जुड़ने के बाद महिलाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ी है। वहीं प्रदेश प्रभारी दीप्ति सिंह ने कहा कि जीविका ने महिलाओं की निर्णय लेने की क्षमता और सामूहिक नेतृत्व को मजबूत किया है।
जदयू बेगूसराय जिलाध्यक्ष नंदलाल राय ने कहा कि जीविका ने ग्रामीण महिलाओं को बचत, बैंकिंग, स्वरोजगार और सामुदायिक नेतृत्व से जोड़ने में भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी एवं मुंगेर प्रमंडल प्रभारी रुदल राय सहित जदयू के कई पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम का समापन महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़





Total views : 109556