स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश; जिला प्रशासन ने नागरिक एकादश को हराया
बेगूसराय। जिले के 54वें स्थापना दिवस एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अवसर पर 2 अक्टूबर को बेगूसराय में दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी से हुई। इसके बाद साइकिल रैली, रक्तदान शिविर, पेंटिंग प्रतियोगिता, वृक्षारोपण और फ्रेंडली क्रिकेट मैच सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं।कार्यक्रमों में जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक मनीष, अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, स्कूली बच्चे, युवा और आम नागरिक शामिल हुए।
प्रभात फेरी और साइकिल रैली से दिया स्वच्छता का संदेश: सुबह 7 बजे पुलिस लाइन से प्रभात फेरी निकाली गई, जो ट्रैफिक चौक होते हुए गांधी स्टेडियम पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों, शिक्षकों, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आमजनों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।इसके बाद गांधी स्टेडियम से साइकिल रैली निकाली गई। रैली कचहरी चौक और ट्रैफिक चौक होते हुए वापस गांधी स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
रक्तदान शिविर और पेंटिंग प्रतियोगिता: साइकिल रैली के बाद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें पदाधिकारियों, कर्मियों और अन्य लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। वहीं, कारगिल विजय भवन में स्कूली बच्चों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
पौधारोपण से पर्यावरण संरक्षण का संदेश: इसके बाद बीपी इंटर कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया।
जिला प्रशासन और नागरिक एकादश के बीच क्रिकेट मैच: बीपी इंटर स्कूल में जिला प्रशासन और नागरिक एकादश के बीच फ्रेंडली क्रिकेट मैच भी खेला गया। मुकाबले में जिला प्रशासन की टीम ने जीत दर्ज की। पूरे दिन आयोजित कार्यक्रमों में प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ स्कूली बच्चों, शिक्षकों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी रही।






Total views : 109557