बेगूसराय। 30 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इंडियनऑयल की बरौनी रिफाइनरी द्वारा कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के बीच खेल भावना और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 30 अगस्त 2026 को उत्साहपूर्ण साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश ने किया। इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक के साथ संजय राजनाड़ा, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन), भास्कर हजारिका, मुख्य महाप्रबंधक (टीएस एवं एचएसई), हरसंग गनवीर, मुख्य महाप्रबंधक (कोर ग्रुप) तथा राजू मशाहारी सहित वरिष्ठ प्रबंधन, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन मौजूद रहे।
साइक्लोथॉन का आयोजन महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मेजर ध्यानचंद ने 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। साइक्लोथॉन की शुरुआत रिफाइनरी गेस्ट हाउस से हुई और यह बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप के प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरी। इसमें लगभग 75 प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, नियमित शारीरिक गतिविधि और दैनिक जीवन में खेल को अपनाने का संदेश दिया गया। बरौनी रिफाइनरी ने ऐसी पहलों के जरिए अपने कर्मचारियों को सक्रिय, स्वस्थ और प्रेरित रहने के लिए प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।





Total views : 103035