बेगूसराय। 31 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
आगामी 4 सितंबर को आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं तेघड़ा के ऐतिहासिक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई, जिसमें विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात, मद्य निषेध, नागरिक सुविधाओं और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
डीएम ने संवेदनशील एवं प्रमुख स्थलों, मंदिरों और मेला परिसरों में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखते हुए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। तेघड़ा मेले में रात्रि के दौरान बड़ी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन, वैकल्पिक निकास मार्गों की पहचान, विशेष रात्रि गश्ती और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती का निर्देश दिया गया है।
मद्य निषेध विभाग एवं पुलिस को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया है। नगर निगम एवं नगर निकायों को मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, पानी के टैंकर, अस्थायी शौचालय और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
विद्युत सुरक्षा के तहत झुके बिजली पोल एवं लटकते तारों को तत्काल दुरुस्त करने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर बैकअप रखने को कहा गया है। मेला क्षेत्र, पूजा पंडालों, प्रमुख प्रवेश-निकास स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था की जा रही है। खोया-पाया नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा पूजा समितियों को पर्याप्त स्वयंसेवक नियुक्त कर उन्हें पहचान पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।अग्नि सुरक्षा के लिए पूजा पंडालों एवं संवेदनशील स्थलों पर अग्निशमन उपकरण तथा चिन्हित स्थानों पर दमकल वाहनों की तैनाती की जाएगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग एवं मेला संपर्क मार्गों पर यातायात नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार भारी वाहनों की आवाजाही एवं गति नियंत्रित की जाएगी।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना आवश्यक अनुज्ञप्ति के मेला अथवा अन्य आयोजन की अनुमति नहीं होगी और सभी सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रहेगा। मूर्ति विसर्जन भी पुलिस की निगरानी में निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कराया जाएगा। डीएम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया।बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम बेगूसराय, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सभी नगर कार्यपालक पदाधिकारी, सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी एवं अधीक्षक, मद्य निषेध सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।





Total views : 103027