बरौनी /बेगूसराय। 31 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
ई-रिक्शा चालकों से कथित अवैध बैरियर वसूली और उत्पीड़न के विरोध में सोमवार को बरौनी में ऑल वाहन चालक ई-रिक्शा बरौनी संघ (किंग वारियर) के बैनर तले सैकड़ों चालकों ने आक्रोश मार्च निकाला। न्यू बरौनी स्टैंड से शुरू हुआ मार्च मिर्जाया चौक तक पहुंचा। आंदोलन को सीटू (CITU) और ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन का भी समर्थन मिला।
संघ के सदस्यों ने आरोप लगाया कि पुरानी बरौनी बस स्टैंड, वाटिका चौक, न्यू बरौनी, राजवाड़ा ढाला और मिर्जाया चौक सहित विभिन्न स्थानों पर बैरियर के नाम पर अलग-अलग राशि वसूली जा रही है। चालकों का कहना है कि कम दूरी के दायरे में कई जगहों पर दोबारा वसूली से उनकी परेशानी और आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
बैरियर वसूली पर रोक की मांग: चालकों ने मांग की कि निर्धारित कानून एवं दर तालिका के अनुसार ही बैरियर शुल्क लिया जाए और कथित दोहरी वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए। संघ ने यह भी आरोप लगाया कि राशि देने से इनकार करने पर चालकों को वाहन रोकने और अन्य कार्रवाई की धमकी दी जाती है। उन्होंने स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन से कथित अवैध वसूली पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
स्टेशन पर पार्किंग और शौचालय की सुविधा की मांग: संघ ने बरौनी जंक्शन एवं न्यू बरौनी जंक्शन पर ई-रिक्शा चालकों के लिए शेडयुक्त पार्किंग, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही चौक-चौराहों पर ई-रिक्शा पार्किंग की स्पष्ट नीति बनाने की भी मांग रखी गई।जिला पार्षद अंजनी सिंह ने कहा कि गरीब चालक कर्ज लेकर ई-रिक्शा चलाते हैं। मिर्जाया चौक से जीरो माइल तक कई जगह बैरियर वसूली से चालकों के साथ आम यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संघ नेता मुकेश झा ने कहा कि कम दूरी के दायरे में तीन-तीन जगह बैरियर लगाकर वसूली की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर चालकों को डराया-धमकाया जाता है और संबंधित प्रशासनिक एवं रेल अधिकारियों से व्यवस्था सुधारने की मांग की।मांग पूरी नहीं हुई तो डीएम कार्यालय का घेरावआक्रोश मार्च के दौरान संघ ने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय थाना, रेल प्रशासन और जिला प्रशासन ने कथित अवैध वसूली पर तत्काल रोक नहीं लगाई तथा पार्किंग व्यवस्था को स्पष्ट नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संघ ने अगला कदम बेगूसराय जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष विशाल प्रदर्शन एवं घेराव करने की चेतावनी दी है।प्रदर्शन की अध्यक्षता बबलू सिंह ने की। इस दौरान राजेश, सतीश, मोटू, श्रीराम, पन्नालाल, अजय, विकास, बबलू कुमार, मिथिलेश मिश्रा (उपाध्यक्ष), लुगाई राम, संजय दास (मीडिया प्रभारी) और मुकेश झा (सचिव/कोषाध्यक्ष) सहित तेघड़ा एवं बरौनी प्रखंड इकाई के सैकड़ों ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे।





Total views : 103026