बेगूसराय। 19 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं आधारभूत समस्याओं के त्वरित समाधान और जिले में शिक्षा व्यवस्था के गुणात्मक विकास के लिए बेगूसराय में अब प्रत्येक माह ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के निर्देश पर जिले के विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संस्थानों में 25 अगस्त 2026 से शिविर की शुरुआत होगी।
राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘सात निश्चय-3’ के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह पहल शुरू की जा रही है। प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को आयोजित होने वाले शिविर में विद्यार्थियों की शैक्षणिक, आधारभूत, छात्रावास, संस्थागत एवं अन्य समस्याओं को सुना जाएगा।
30 दिनों में शिकायतों का होगा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण: शिविर में विद्यार्थियों की शिकायतों और सुझावों को पंजीकृत किया जाएगा। प्राप्त शिकायतों का अंतिम एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अधिकतम 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए शिकायतों के निष्पादन की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण भी किया जाएगा।
विद्यार्थियों से मिलने वाले महत्वपूर्ण सुझावों को शिक्षा व्यवस्था में सुधार और संस्थानों की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उपयोगी इनपुट के रूप में शामिल किया जाएगा।
इन संस्थानों में लगेगा शिविर: विद्यार्थी सहयोग शिविर जिले के अंगीभूत एवं राजकीय डिग्री कॉलेजों, अभियंत्रण एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों, एएनएम स्कूलों, कल्याण छात्रावासों, राजकीय आईटीआई संस्थानों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में आयोजित होंगे।
अंगीभूत एवं राजकीय डिग्री कॉलेजों में जीडी कॉलेज, एसबीएसएस कॉलेज, एसके महिला कॉलेज, आरसीएस कॉलेज मंझौल, एपीएसएम कॉलेज बरौनी समेत मटिहानी, वीरपुर, बछवाड़ा, मंसूरचक, साहेबपुर कमाल, डंडारी, खोदावंदपुर, छौड़ाही, गढ़पुरा और नावकोठी के राजकीय डिग्री कॉलेज शामिल हैं।
इसके अलावा राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर अभियंत्रण महाविद्यालय और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, बेगूसराय में भी शिविर आयोजित किया जाएगा।
छात्रावास और आईटीआई संस्थानों में भी सुविधा
अल्पसंख्यक कल्याण बालक छात्रावास, डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, जननायक कर्पूरी ठाकुर कल्याण छात्रावास और अन्य पिछड़ा वर्ग बालिका कल्याण छात्रावास में भी विद्यार्थियों की समस्याएं सुनी जाएंगी।
जिले के बेगूसराय, महिला आईटीआई, तेघड़ा, बलिया, बखरी और मंझौल स्थित राजकीय आईटीआई संस्थानों को भी इस अभियान में शामिल किया गया है।
इसके साथ ही जिले के सभी संबंधित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के लिए भी अलग-अलग शिविर स्थल निर्धारित किए गए हैं।
डीआरडीए में बनाया गया नियंत्रण कोषांग: शिविरों के सफल संचालन, समन्वय, अनुश्रवण और दैनिक समेकित प्रतिवेदन के संकलन के लिए जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए), बेगूसराय में जिला स्तरीय नियंत्रण कोषांग स्थापित किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित संस्थानों एवं पदाधिकारियों को शिविरों का नियमित और प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही विद्यार्थियों से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ उनकी सहभागिता से जिले की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुगम और गुणवत्तापूर्ण बनाना है।






Total views : 100666





















