बेगूसराय, 4 जुलाई 2026: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय (खेल विभाग) के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में हुआ। प्रतियोगिता में अंडर-15, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिले के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

विभिन्न आयु वर्गों में विद्यालयों की रही भागीदारी: अंडर-15 बालक वर्ग में लेफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल बछवाड़ा, उड़ान इंटरनेशनल स्कूल, कृष्णामूर्ति पब्लिक स्कूल एवं दून पब्लिक स्कूल की टीमों ने हिस्सा लिया। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में आर.के.टी.एन. हाई स्कूल शालिग्रामी, लेफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल बछवाड़ा और दून पब्लिक स्कूल की टीमों ने भाग लिया। अंडर-17 बालिका वर्ग में लेफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल मुरलीटोल बछवाड़ा, आर.जे.के. उच्च विद्यालय बरौनी तथा आर.जे.के. मध्य विद्यालय तेघड़ा की टीमों के बीच मुकाबले हुए।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह: प्रतियोगिता का उद्घाटन उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बेगूसराय बिट्टू कुमार सिंह एवं जिला कला एवं संस्कृति विभाग के श्याम कुमार सहनी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि एकता, अनुशासन और भाईचारे का संदेश भी देता है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेगूसराय और बिहार का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

बालिका अंडर-17 वर्ग में लेफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल का दबदबा: बालिका अंडर-17 वर्ग के पहले मुकाबले में लेफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल, मुरलीटोल बछवाड़ा ने आर.जे.के. मध्य विद्यालय तेघड़ा को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद खेले गए फाइनल मुकाबले में लेफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल ने आर.जे.के. उच्च विद्यालय बरौनी को भी 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। बालक अंडर-15 वर्ग में कृष्णामूर्ति पब्लिक स्कूल बना चैंपियनअंडर-15 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में कृष्णामूर्ति पब्लिक स्कूल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए उड़ान इंटरनेशनल स्कूल को 1-0 से हराकर जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
अंडर-17 बालक वर्ग का रोमांचक फाइनल: अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल में आर.के.टी.एन. हाई स्कूल शालिग्रामी और दून पब्लिक स्कूल के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद निर्णय टाई-ब्रेकर से हुआ, जिसमें आर.के.टी.एन. हाई स्कूल शालिग्रामी ने 4-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए इन टीमों का चयन: जिला स्तरीय प्रतियोगिता के समापन के बाद राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए बेगूसराय की ओर से अंडर-15 बालक वर्ग में कृष्णामूर्ति पब्लिक स्कूल, अंडर-17 बालिका वर्ग में लेफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल, मुरलीटोल बछवाड़ा तथा अंडर-17 बालक वर्ग में आर.के.टी.एन. हाई स्कूल शालिग्रामी की टीमों का चयन किया गया।
आयोजन में शिक्षकों और रेफरी की रही अहम भूमिका: प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, चिरंजीवी ठाकुर, शशिकांत, शुभम एवं रितेश ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन एवं उद्घोषणा शिक्षक कन्हैया भारद्वाज ने की। वहीं मैचों का संचालन रेफरी अमन कुमार, रौशन कुमार राय, अंकित कुमार, सुजीत कुमार तथा नीरज कुमार ने निष्पक्ष रूप से किया।






Total views : 92986