बेगूसराय: 30 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से बेगूसराय जिले में लगातार ‘सहयोग शिविर‘ आयोजित किए जा रहे हैं। मंगलवार (30 जून) को जिले के विभिन्न प्रखंडों की 24 ग्राम पंचायतों में सहयोग शिविर लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन जमा किए।

नूरपुर पंचायत पहुंचे जिला पदाधिकारी: जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने बरौनी प्रखंड की नूरपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को पात्र मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दिलाना तथा सरकारी सेवाओं को सीधे गांव तक पहुंचाना है।

बरियारपुर पंचायत में उप विकास आयुक्त ने की समीक्षा: वहीं, उप विकास आयुक्त ने बलिया प्रखंड की बरियारपुर पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शिविर के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
1,598 ऑनलाइन आवेदन, 1,200 का हो चुका है निस्तारण: जिला प्रशासन के अनुसार अब तक 24 ग्राम पंचायतों से 1,598 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1,200 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 398 मामलों पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई जारी है।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक शिकायत एवं मांग का अधिकतम 10 दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

शहरी क्षेत्रों में भी जारी है सहयोग शिविर: सिर्फ ग्रामीण ही नहीं, बल्कि नगर निगम और नगर परिषद क्षेत्रों में भी सहयोग शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ दिया जा रहा है।अब तक शहरी क्षेत्रों से 1,286 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1,191 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष मामलों पर भी शीघ्र कार्रवाई की जा रही है।
इन सेवाओं के लिए मिल रहे हैं आवेदन: सहयोग शिविरों में मुख्य रूप से निम्नलिखित सेवाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हो रहे हैं—राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन)लगान रसीद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ, राजस्व एवं अन्य विभागीय सेवाएं, कई मामलों में आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद लाभार्थियों को शिविर स्थल पर ही सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश: जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सहयोग शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं और सेवाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
— नेशनल पॉजिटिव न्यूज़








Total views : 92387