बेगूसराय। 28 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी के बैनर तले रविवार को शहर के एक निजी विद्यालय में शिक्षक प्रकोष्ठ (बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी) के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने प्रेस वार्ता कर नीट परीक्षा सहित देश की परीक्षा प्रणाली को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की। प्रेस वार्ता में बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी के पूर्व जिलाध्यक्ष अभय कुमार सिंह सार्जन, प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामानंद सिंह तथा नीट के छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे।
परीक्षा प्रणाली पर उठाए सवाल: अभिषेक सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार की परीक्षा प्रणाली “सिलेक्शन सिस्टम नहीं बल्कि रिजेक्शन सिस्टम” बन गई है। उनका आरोप था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की कमी के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की। उन्होंने दावा किया कि देश में बड़ी संख्या में युवा बेरोजगारी और असुरक्षित रोजगार की समस्या से जूझ रहे हैं। साथ ही शिक्षा पर बढ़ते आर्थिक बोझ, कोचिंग, हॉस्टल, परीक्षा शुल्क और जीएसटी का भी उल्लेख करते हुए शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता बताई।
राहुल गांधी के पटना दौरे का किया उल्लेख: अभिषेक सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 11 जुलाई को राहुल गांधी पटना पहुंचकर छात्रों से सीधे संवाद करेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने छात्रों के समर्थन का जताया भरोसा: पूर्व जिलाध्यक्ष अभय कुमार सिंह सार्जन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों की आवाज़ के साथ खड़ी है और पारदर्शी एवं जवाबदेह परीक्षा व्यवस्था की मांग जारी रखेगी। वहीं प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांग्रेस छात्रों के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
छात्रों ने भी रखी अपनी बात: प्रेस वार्ता में मौजूद नीट परीक्षार्थियों ने परीक्षा के दौरान आने वाली कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए सरकार से परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की, ताकि प्रतिभाशाली छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो सके।






Total views : 92279