सीतामढ़ी, 27 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मंगलवार को सीतामढ़ी में आयोजित मीडिया ब्रीफिंग के दौरान केंद्र और बिहार सरकार पर कई गंभीर मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने NEET पेपर लीक मामले, पटना में छात्रा के साथ हुई अभद्रता की घटना और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री को घेरा: प्रशांत किशोर ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सीधे तौर पर घेरा। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब NEET परीक्षा का पेपर लीक हुआ हो। दो वर्ष पहले भी ऐसा मामला सामने आया था और उस समय भी धर्मेंद्र प्रधान ही शिक्षा मंत्री थे।उन्होंने कहा कि उस वक्त शिक्षा मंत्री ने दावा किया था कि भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं होंगी, लेकिन अब सरकार जवाब देने से बच रही है। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान धर्मेंद्र प्रधान जन सुराज के प्रत्याशियों को डराने, धमकाने और खरीदने में लगे थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “प्रत्याशियों की खरीद-फरोख्त करते-करते अब शायद पेपर का भी खरीद-फरोख्त शुरू हो गया है।
”पटना की घटना को बताया बेहद शर्मनाक: पटना में छात्रा के साथ हुई अभद्रता की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि यह घटना उन लोगों के मुंह पर तमाचा है जो जंगलराज के नाम पर वोट मांगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में एक बार फिर उसी तरह के माहौल की आहट सुनाई देने लगी है, जहां दिनदहाड़े और खुलेआम ऐसी घटनाएं होती थीं। उन्होंने कहा कि राजधानी पटना के बीचों-बीच किसी होटल में एक लड़की को उसके पिता के सामने खींचकर ले जाने जैसी घटना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। उन्होंने राज्य सरकार से कानून-व्यवस्था पर जवाब देने की मांग की।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर भी साधा निशाना: मीडिया ब्रीफिंग के दौरान प्रशांत किशोर ने पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेल की कीमतें इसलिए बढ़ रही हैं क्योंकि अगले छह महीनों में कोई चुनाव नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जैसे ही चुनाव नजदीक आएगा, पेट्रोल-डीजल के दाम फिर कम कर दिए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की जरूरतों के बजाय चुनावी गणित के हिसाब से फैसले लेती है।







Total views : 87996