बेगूसराय। 25 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 की धारा-72 के तहत दिव्यांगजनों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने भाग लिया और रोजगार, आवास, राशन कार्ड, कौशल विकास तथा स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने की मांग उठाई। बैठक के दौरान बिहार एसोसिएशन ऑफ पर्सन विद डिसेबिलिटी, बेगूसराय के जिला अध्यक्ष जोशी कुमार, जिला सचिव विपिन कुमार, अनुमंडल अध्यक्ष संजीत कुमार, मीडिया प्रभारी छोटू जी, मो. साजिद, ओम प्रकाश, विकास सहित संगठन के पदाधिकारियों ने BSO राम सुजान कुमार के समक्ष 14 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।

रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की मांग: जिला अध्यक्ष जोशी कुमार ने कहा कि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 की धारा-72 के तहत बेगूसराय प्रखंड में इस तरह की बैठक पहली बार आयोजित हुई है। उन्होंने कहा कि बैठक में दिव्यांगजनों ने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं, जिनसे प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिव्यांगजनों की 14 सूत्री मांगों को धरातल पर लागू कराने के लिए प्रशासन सकारात्मक पहल करेगा।
जिला सचिव विपिन कुमार ने कहा कि पंचायत और प्रखंड स्तर पर लगातार ऐसी बैठकें होने से दिव्यांगजनों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान संभव होगा। इससे प्रशासन और दिव्यांगजनों दोनों को लाभ मिलेगा तथा छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय पर निर्भरता भी कम होगी।
दिव्यांगजनों की प्रमुख मांगें: दिव्यांगजनों ने अपनी मांगों में धारा-72 के तहत प्राप्त आवेदनों, शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने की मांग की। इसके अलावा प्रखंड मुख्यालय परिसर में दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए दिव्यांग-अनुकूल स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था करने की मांग उठाई गई। बैठक में पात्र दिव्यांगजनों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर देने तथा वंचित पात्र दिव्यांगजनों को अंत्योदय अन्न योजना के तहत राशन कार्ड उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। इसके साथ ही 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांगजनों के लिए जॉब कार्ड निर्माण एवं कौशल विकास प्रशिक्षण सुनिश्चित करने की मांग की गई। दिव्यांगजनों को बकरी एवं गाय शेड के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराने, जीविका योजनाओं से जोड़ने तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।दिव्यांग महिला, पुरुष, बालक एवं बालिकाओं को जीविका, स्वयं सहायता समूह (SHG) और अन्य स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
अधिकारियों ने कार्रवाई का दिया आश्वासन: बैठक की अध्यक्षता BSO राम सुजान कुमार ने की, जबकि मंच संचालन जिला अध्यक्ष जोशी कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुरेंद्र पासवान, लिपिक सीताराम महतो, एलडीसी विकास कुमार, पंचायत सचिव मनीष कुमार, अझौर मुखिया मोहम्मद असगर इमाम, पंचायत समिति सदस्य शबनम कुमारी, अनिता कुमारी, संगठन के संरक्षक विनय कुमार श्रीवास्तव, सचिव विपिन कुमार, सिंघौल थाना प्रभारी सहित कई पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों एवं उपस्थित पदाधिकारियों ने दिव्यांगजनों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। संगठन ने कहा कि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए।






Total views : 101815











