बेगूसराय। 25 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
बछवाड़ा प्रखंड में बाढ़ की स्थिति और उससे निपटने के लिए प्रशासन की तैयारियों को लेकर केंद्रीय मंत्री एवं बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने जिलाधिकारी एवं फ्लड एग्जीक्यूटिव से दूरभाष पर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर, वर्तमान बाढ़ की स्थिति तथा राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी प्राप्त की। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए और जलस्तर की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल हरसंभव सहायता पहुंचाई जाए।गिरिराज सिंह ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय प्रशासन की तत्परता और सतर्कता बेहद जरूरी है। प्रभावित इलाकों में नाव, राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सहायता मिल सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा ले रहे हैं और राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सरकार का उद्देश्य है कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जरूरत के अनुसार उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। केंद्रीय मंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा परिस्थितियों के अनुसार त्वरित निर्णय लेने का निर्देश दिया।
रात से कटाव स्थल पर जल संसाधन विभाग की टीम सक्रिय: प्राप्त जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा अधिकारियों से वार्ता किए जाने के बाद रात से ही जल संसाधन विभाग की पूरी टीम कटाव स्थल पर तत्परता से कार्य कर रही है। बांध को सुरक्षित करने और कटाव रोकने का कार्य लगातार जारी है। प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।






Total views : 101869