बेगूसराय, 29 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
महान हॉकी खिलाड़ी और ‘हॉकी के जादूगर’ के नाम से प्रसिद्ध मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बरौनी रिफाइनरी स्थित दिनकर गेस्ट हाउस में मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया।कार्यक्रम में बेगूसराय के सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा सहित जिले के खेलप्रेमियों एवं गणमान्य लोगों ने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन संघर्ष, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपने असाधारण खेल कौशल से भारतीय हॉकी को विश्व पटल पर गौरव दिलाया। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अभ्यास, लगन और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने ऐसी पहचान बनाई, जो आज भी देश के करोड़ों युवाओं को प्रेरित करती है।
विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश को गौरवान्वित किया। वर्ष 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक खेलों में भारतीय हॉकी टीम की स्वर्णिम सफलता में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका जीवन बताता है कि प्रतिभा के साथ कठोर परिश्रम, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण हो तो कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाना खिलाड़ियों, युवाओं और खेलप्रेमियों के लिए प्रेरणा का अवसर है। यह दिन खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने, स्वस्थ समाज के निर्माण और नई पीढ़ी को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करता है।
बेगूसराय जिला खेल महासंघ के जिला संयोजक मृत्युंजय कुमार वीरेश ने कहा कि मेजर ध्यानचंद केवल महान खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि भारतीय युवाओं के लिए प्रेरणा के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर युवा खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं और विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ा सकते हैं।
हॉकी जिला एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सनी और सचिव बाबुल कुमार ने मेजर ध्यानचंद की खेल भावना और आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का संचालन हॉकी एसोसिएशन के सचिव बाबुल कुमार ने किया। इस अवसर पर कृष्ण मोहन पप्पू, कृष्णनंदन सिंह, अमित कुमार, देवेंद्र पोद्दार, अभिनव कुमार, नीतीश कुमार, प्रिंस कुमार, सोनू कुमार, सुमन कुमार, मुकेश कुमार, आशीष गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।






Total views : 102611