बेगूसराय। 2 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने की तैयारी तेज हो गई है। इसे लेकर बुधवार को व्यवहार न्यायालय, बेगूसराय के सभागार कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिक से अधिक सुलहनीय मामलों का निपटारा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बेगूसराय ऋषिकांत एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्य के निर्देश पर किया गया। बैठक में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ध्रुव कुमार, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संजीत कुमार सहित दोनों संघों के सचिव और कई वरीय अधिवक्ता उपस्थित रहे।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत ने वरीय अधिवक्ताओं से राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता अपने स्तर से सभी अधिवक्ताओं को प्रेरित करें। साथ ही अपने-अपने सुलहनीय वादों के पक्षकारों से व्यक्तिगत संपर्क कर मामलों के निष्पादन में सहयोग करें।
उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार की जानकारी अधिवक्ताओं के मुंशी और क्लर्क के साथ-साथ पक्षकारों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक सुलहनीय मामलों को चिन्हित कर राष्ट्रीय लोक अदालत में उनका निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकतम वादों का सुलह के आधार पर निपटारा करना है। इससे आम लोगों को त्वरित, सुलभ और कम खर्च में न्याय मिलने में मदद मिलेगी।





Total views : 103550