बेगूसराय। 25 अगस्त। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
वित्त रहित शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर बेगूसराय शहर के हड़ताली चौक पर मंगलवार को एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया। धरने का आयोजन प्रदेश कांग्रेस सेवादल के तत्वावधान में और बेगूसराय कांग्रेस सेवादल के संयोजन में हुआ।
धरने में वित्त रहित विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षाकर्मी शामिल हुए। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया। शिक्षकों ने सरकार से उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।
सम्मानजनक वेतन और सेवा सुरक्षा की मांग: धरने को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक प्रो. डॉ. संजय यादव ने कहा कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में वित्त रहित शिक्षकों की अहम भूमिका है। सीमित संसाधनों और कम मानदेय के बावजूद शिक्षक वर्षों से विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद वित्त रहित शिक्षक आर्थिक असुरक्षा और सेवा संबंधी अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं।
वित्त रहित शिक्षा नीति खत्म करने की मांग: धरने में वक्ताओं ने वित्त रहित शिक्षा नीति को तत्काल समाप्त करने की मांग की। उन्होंने सभी वित्त रहित शिक्षण संस्थानों के समायोजन की भी मांग उठाई। इसके अलावा सेवानिवृत्त शिक्षकों को पेंशन और सेवानिवृत्ति के सभी लाभ देने की मांग की गई। शिक्षकों ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों का भविष्य सुरक्षित होना जरूरी है।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी: धरने में वक्ताओं ने कहा कि सरकार यदि लंबित मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। शिक्षकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक नेता दिवाकर सिंह ने की। संचालन कांग्रेस सेवादल के आनंद प्रेम ने किया।
कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रभारी अफरोज खान, बिहार महिला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रुचि सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह, रजनीकांत पाठक, ब्रजेश कुमार प्रिंस, अमित कुमार (जिला परिषद), हारून राशिद, रामपदारथ यादव, दीपक कुमार, ओमप्रकाश सिंह, मिथलेश सिंह, विजय सिंह, इंजीनियर गौरव, श्रवण सिंह, अभिषेक सिंह, रत्नेश कुमार टुल्लू, भोपेंद्र सिंह, मिथलेश झा, शम्भू नाथ, मो. जफर, जय प्रकाश गुप्ता, प्रभांशु कुमार बिट्टू, नीरज कुमार, सावर कुमार, सुरेंद्र महतो, तपन सांडिल्य झा, पवन कुमार, राघव गौतम, उमेश मल्लिक और प्रो. एकनाथ पाठक समेत कई लोग मौजूद रहे।







Total views : 101768











