बेगूसराय। 1सितम्बर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पर्यावरण संरक्षण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने मंगलवार को लाखो स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, संचालन व्यवस्था, अपशिष्ट जल के उपचार की प्रक्रिया, साफ-सफाई और रखरखाव सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं प्लांट में कार्यरत कर्मियों से एसटीपी की क्षमता और वर्तमान संचालन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्लांट में आने वाले अपशिष्ट जल के उपचार की विभिन्न प्रक्रियाओं को समझते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीवेज का उपचार निर्धारित मानकों और तकनीकी प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
एसटीपी के सुचारू संचालन पर डीएम ने दिया जोर: डीएम रिची पाण्डेय ने कहा कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट शहरी एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए प्लांट का नियमित, सुचारू और प्रभावी संचालन बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि संचालन एवं रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा सभी आवश्यक उपकरणों को कार्यशील स्थिति में रखा जाए। उन्होंने कहा कि अपशिष्ट जल का उचित उपचार जल एवं भूमि प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद करता है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ आम लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में भी सहायता मिलती है। उन्होंने प्लांट की नियमित निगरानी और समय-समय पर आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।
साफ-सफाई व्यवस्था का भी लिया जायजा: निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने एसटीपी परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को परिसर की स्वच्छता और सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों से कहा कि प्लांट के संचालन की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी तकनीकी या संचालन संबंधी समस्या का त्वरित समाधान कराया जाए। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप हो, ताकि अपशिष्ट जल का प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जा सके और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया जा सके। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, अनुमंडल पदाधिकारी बेगूसराय अश्विनी कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।






Total views : 103343