बेगूसराय |16 फ़रवरी 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ डेस्क
National Service Scheme (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय एकता शिविर में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से बिहार और मिथिला क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। 4 फरवरी से 10 फरवरी तक भागलपुर में आयोजित इस शिविर में देशभर के चयनित प्रतिभाशाली स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
टीम बिहार ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए आशु भाषण प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान तथा रील्स मेकिंग प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की। इस सफलता के बाद महाविद्यालय परिसर में स्वयंसेवकों का भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
जी.डी. कॉलेज के स्वयंसेवकों ने बढ़ाया मान:
ललित नारायण मिथिला यूनिवर्सिटी के अंतर्गत आने वाले G.D. कॉलेज बेगूसराय के दो स्वयंसेवक — सुमित कुमार एवं सुब्रा लक्ष्मी — का चयन राष्ट्रीय शिविर के लिए हुआ था। दोनों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और सांस्कृतिक प्रस्तुति से राष्ट्रीय मंच पर बिहार की सशक्त पहचान स्थापित की।
स्वयंसेवक सुमित कुमार ने बताया कि शिविर में बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। “वो अपना बिहार है” गीत पर नृत्य, “जियो हो बिहार के लाला” पर प्रस्तुति, छठ पूजा की झांकी, होली के पारंपरिक गीत, सामा-चकिया और जट-जटिन जैसे लोकनृत्यों ने सभी का मन मोह लिया। साथ ही, टीम बिहार को एक दिन का मंच संचालन भी सौंपा गया, जिसे आत्मविश्वास और गरिमा के साथ निभाया गया।
प्राचार्य और शिक्षकों ने जताया गर्व: स्वागत समारोह में प्राचार्य प्रो. भूपेंद्र नारायण ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। एनएसएस यूनिट-1 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सहर अफ़रोज़ ने स्वयंसेवकों को “आसमान के चमकते सितारे” बताते हुए उनकी सराहना की। वहीं यूनिट-2 के कार्यक्रम पदाधिकारी दिनेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियाँ ही किसी संस्थान की वास्तविक पहचान होती हैं।
इस अवसर पर डॉ. अंजनी कुमार, डॉ. मसूर हैदरी, डॉ. फारूख आज़म और प्रेम विजय सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।





Total views : 70500