राजकीय पुष्य नक्षत्र के अवसर पर आयोजित हुआ स्वर्णप्राशन अभियान, बिहार के कई जिलों से बच्चों को लेकर पहुंचे अभिभावक
बेगूसराय | 29 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ ।
राजकीय अयोध्या शिव कुमारी आयुर्वेद महाविद्यालय, बेगूसराय में रविवार को स्वर्णप्राशन अभियान के तहत 145 बच्चों को स्वर्णप्राशन की दो बूंद की खुराक दी गई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बेगूसराय सहित आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंचे। प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास त्रिपाठी ने बताया कि महाविद्यालय की ओर से कोरोना काल से ही इस महत्वाकांक्षी अभियान का नियमित आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के प्रति लोगों में लगातार जागरूकता और विश्वास बढ़ रहा है। यही वजह है कि भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, सहरसा, रोसड़ा और समस्तीपुर सहित विभिन्न जिलों से अभिभावक अपने बच्चों को लेकर महाविद्यालय पहुंचते हैं और स्वर्णप्राशन की खुराक दिलाते हैं। अभियान के प्रभारी एवं प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. दिलीप कुमार वर्मा ने बताया कि निर्धारित तिथि पर पुष्य नक्षत्र के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में आने वाले बच्चों को स्वर्णप्राशन की दो बूंद की खुराक दी जाती है। वहीं, आवासीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रामसागर दास ने अभियान के दौरान सभी बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें स्वर्णप्राशन की खुराक देने के लिए उपयुक्त पाया। कार्यक्रम के सफल संचालन में बाल रोग प्रभारी डॉ. ओमप्रकाश द्विवेदी, बाल रोग चिकित्सक डॉ. राजीव कुमार शर्मा एवं डॉ. माधुरी कुमारी ने भी समय-समय पर अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं। इस अभियान में इंटर्न चिकित्सक डॉ. किशन राज एवं डॉ. राजन कुमार के साथ संगीता कुमारी, रंजना कुमारी, डाली सिन्हा, नीतू कुमारी, नीलू कुमारी, सोनी कुमारी एवं सत्य प्रकाश ने सक्रिय सहयोग किया।
महाविद्यालय की इस पहल से आसपास के जिलों के अभिभावकों को आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वर्णप्राशन अभियान से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।






Total views : 119260