प्रस्तुत12 स्वास्थ्य संस्थानों का किया गया निरीक्षण, डॉग बाइट मैनेजमेंट और NPM ट्रेनिंग मॉडल सहित प्री-प्रेग्नेंसी केयर को मिली पहचान
बेगूसराय | 29 नवंबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत संचालित योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से 21 से 27 नवंबर 2026 तक कॉमन रिव्यू मिशन (CRM) की टीम ने बेगूसराय जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का विस्तृत भ्रमण एवं निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, बेहतर कार्यप्रणालियों और नवाचारों की सराहना की। वहीं, जिले की तीन प्रमुख पहलों को बेस्ट प्रैक्टिसेज के रूप में चिन्हित किया गया, जिन्हें भारत सरकार के स्तर पर प्रस्तुत किए जाने की संभावना है। इस CRM भ्रमण का नेतृत्व डॉ. प्रसन्ना की टीम ने किया। टीम में डॉ. रवि शंकर सिंह, डॉ. स्वप्निल, अमरीन, वंदना, डॉ. सचिन, डॉ. अभिषेक, डॉ. बालाजी एवं पल्लवी शामिल थे। राज्य स्तर से डॉ. वी.के. मिश्रा, मसूद (SPM), पंकज सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी निरीक्षण एवं समीक्षा में भाग लिया।
12 स्वास्थ्य संस्थानों का किया गया निरीक्षण: CRM टीम ने जिले के कुल 12 स्वास्थ्य संस्थानों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं, मानव संसाधन की उपलब्धता एवं उपयोग, चिकित्सकीय सेवाओं, साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण (Infection Control), NQAS, ड्यूटी रोस्टर तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की।
जिले की तीन बेस्ट प्रैक्टिसेज को मिली विशेष पहचान: CRM टीम ने बेगूसराय जिले में संचालित तीन महत्वपूर्ण पहलों को उत्कृष्ट कार्यप्रणाली एवं नवाचार के रूप में चिन्हित किया। इनमें बरौनी स्वास्थ्य संस्थान का डॉग बाइट मैनेजमेंट मॉडल सेंटर, सदर अस्पताल बेगूसराय का NPM ट्रेनिंग मॉडल सेंटर तथा प्री-प्रेग्नेंसी केयर की पहल शामिल है। इन पहलों को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक बदलाव और बेहतर प्रबंधन के उदाहरण के रूप में देखा गया। इन बेस्ट प्रैक्टिसेज को भारत सरकार के स्तर पर प्रस्तुत किए जाने की संभावना है, जिससे जिले की स्वास्थ्य संबंधी उपलब्धियों को राष्ट्रीय पहचान मिल सकती है।
स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण और क्षमता संवर्धन पर जोर : निरीक्षण के दौरान CRM टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए स्वास्थ्य कर्मियों के नियमित प्रशिक्षण और क्षमता संवर्धन को आवश्यक बताया। टीम ने कहा कि आशा कार्यकर्ता, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) एवं चिकित्सकों को नवीनतम दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय-समय पर प्रशिक्षित किया जाना चाहिए, ताकि वे बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें। वहीं, सदर अस्पताल में संचालित सर्जरी सेवाओं पर टीम ने संतोष व्यक्त किया। विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं, ड्यूटी रोस्टर और साफ-सफाई की स्थिति पर भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी गई।






Total views : 119260