विशेषज्ञ चिकित्सकों ने साझा की नवीनतम शोध एवं प्रमाण आधारित चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी, मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर दिया जोर
बेगूसराय | 28 नवंबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), बेगूसराय की ओर से चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सकों के ज्ञानवर्धन के उद्देश्य से शनिवार, को IMA भवन में CME (Continuing Medical Education) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। Women’s Hospital & Fertility Research Centre, पटना के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘Evidence Based Fertility Treatment & Oncofertility’ रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता IMA बेगूसराय के अध्यक्ष डॉ. ए.के. राय ने की। इसमें पटना सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रजनन स्वास्थ्य, बांझपन के उपचार, पुरुषों में बांझपन की समस्या तथा कैंसर की शीघ्र पहचान और उपचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत व्याख्यान दिया। साथ ही चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध, आधुनिक तकनीक और उपचार की नई पद्धतियों की जानकारी साझा की गई।कार्यक्रम में डॉ. कुमारी अनुराग ने ‘Evidence Based Fertility Enhancing Surgery’ विषय पर, डॉ. संजीव कुमार ने ‘Evidence Based Infertility Treatment’ तथा डॉ. पंकज कुमार (PhD) ने ‘Male Factor Infertility’ पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। वहीं डॉ. प्रभात रंजन ने ‘Genital TB’ से संबंधित जांच में आने वाली चुनौतियों और डॉ. रिदु कुमार शर्मा ने कैंसर की शीघ्र पहचान एवं उपचार पर केस आधारित चर्चा की। इस अवसर पर IMA बेगूसराय के सचिव डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि CME यानी सतत चिकित्सा शिक्षा चिकित्सकों के व्यावसायिक ज्ञान को लगातार अद्यतन रखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। चिकित्सा विज्ञान में निरंतर नए शोध, तकनीक और उपचार पद्धतियां विकसित हो रही हैं। ऐसे में चिकित्सकों के लिए इन बदलावों की जानकारी रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि IMA बेगूसराय समय-समय पर इस तरह के शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करता है, ताकि जिले के चिकित्सक चिकित्सा जगत में हो रही नवीनतम प्रगति से अवगत रहें। इसका सीधा लाभ मरीजों को मिलता है, क्योंकि आधुनिक ज्ञान से अपडेट रहने वाले चिकित्सक मरीजों को बेहतर, आधुनिक और प्रमाण आधारित चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में अधिक सक्षम होते हैं।
डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि IMA का उद्देश्य केवल चिकित्सकों को एक मंच पर एकत्रित करना नहीं है, बल्कि चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देना, ज्ञान का आदान-प्रदान करना और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास करना भी है। कार्यक्रम में बेगूसराय शहर के कई प्रतिष्ठित चिकित्सकों सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष चिकित्सकों ने भाग लिया। उपस्थित चिकित्सकों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक, उपयोगी और चिकित्सा क्षेत्र की नवीनतम जानकारियों से रूबरू कराने वाला बताया। IMA बेगूसराय ने चिकित्सा शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के अपने संकल्प के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता व्यक्त की।






Total views : 119260