बेगूसराय, 25 नवंबर।नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध निष्पादन, आपसी समन्वय और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि कायाकल्प अभियान के तहत अब तक 3,070 योजनाएं चिह्नित की गई हैं, जिनमें 620 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। वहीं, संत रविदास विकास शिविर के माध्यम से प्राप्त 16,828 आवेदनों में से 12,379 का निष्पादन किया गया है। शेष आवेदनों का शीघ्र निपटारा करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने कृषि विभाग को धान अधिप्राप्ति से पहले सभी पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी कराने, शिक्षा विभाग को कक्षा 9वीं से 12वीं तक की संध्या विशेष कक्षाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा उद्योग विभाग को दिसंबर में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना एवं स्टैंड-अप इंडिया योजना के तहत विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा मटिहानी में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन निर्माण में वन विभाग से एनओसी नहीं मिलने के कारण आ रही बाधा को दूर करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार सहित जिला स्तरीय एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।







Total views : 118523