जम्मू-कश्मीर। 30 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोली स्थित CISF कैंप में फायरिंग की घटना में चार जवानों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 2009 बैच के हेड कॉन्स्टेबल अबदेश कुमार ने अपने सहकर्मियों पर गोली चला दी।
घटना के बाद आरोपी हेड कॉन्स्टेबल को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है और CISF मुख्यालय ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं।
बहस के बाद फायरिंग की बात सामने आई: जानकारी के मुताबिक कठुआ में सेवा-II हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट यूनिट में ड्यूटी बदलने के दौरान जवानों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई। इसके बाद हेड कॉन्स्टेबल अबदेश कुमार ने अपने सहकर्मियों पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद कैंप में अफरा-तफरी मच गई।
फायरिंग में असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कॉन्स्टेबल संजीव कुमार और कॉन्स्टेबल मोहम्मद रफीक की मौत होने की जानकारी दी गई है। मृतकों में असिस्टेंट कमांडेंट रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं।
कठुआ जिला पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की है। CISF की आंतरिक जांच भी शुरू कर दी गई है। CISF मुख्यालय के अनुसार, घटना की परिस्थितियों और कारणों की जांच की जा रही है। CISF के महानिदेशक पूरी घटना की निगरानी कर रहे हैं।
पिछले पांच साल में 24 जवानों की मौत का दावा: उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गृह मंत्रालय ने पिछले पांच वर्षों में आपसी गोलीबारी की घटनाओं में 24 जवानों की मौत की जानकारी दी है। वर्ष 2021 में 11, 2022 में 6, 2023 में 2, 2024 में 1 और 2025 में 4 जवानों की ऐसी घटनाओं में मौत बताई गई है।
कठुआ का बसोली क्षेत्र हिमाचल प्रदेश की सीमा के करीब स्थित है और इसकी सीमा हिमाचल के चंबा जिले से लगती है।





Total views : 109255