अधिकतम 2 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकती है।
बेगूसराय। 1 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग ने कलाकारों के लिए वित्तीय सहायता की योजना शुरू की है। इसके तहत पात्र कलाकारों को इलाज, कला प्रदर्शन, उच्च शिक्षा और कला सामग्री खरीदने के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने बताया कि कलाकार कल्याण कोष से बिहार के पात्र कलाकारों को ही सहायता मिलेगी। इसके लिए निर्धारित नियमों और शर्तों को पूरा करना जरूरी है।
गंभीर बीमारी या चोट की स्थिति में चिकित्सा प्रमाण-पत्र और इलाज से जुड़े दस्तावेज देने होंगे। यदि कलाकार किसी सरकारी या निजी चिकित्सा बीमा योजना से जुड़े नहीं हैं, तो इसका प्रमाण या स्व-शपथ पत्र भी देना होगा।
अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में आमंत्रित कलाकारों को यात्रा और अन्य जरूरी खर्च के लिए भी सहायता मिल सकती है। उच्च शिक्षा, अध्ययन और शोध के लिए भी नियमानुसार आर्थिक मदद का प्रावधान है।
प्रदर्शन और दृश्य कला से जुड़े कलाकारों को उपकरण, वाद्ययंत्र और कला सामग्री खरीदने के लिए भी सहायता दी जा सकती है।
योजना के तहत इलाज के लिए अधिकतम 2 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकती है। प्रदर्शन और दृश्य कला के लिए भी अधिकतम 2 लाख रुपये तक सहायता का प्रावधान है। वहीं, उपकरण, वाद्ययंत्र और कला सामग्री के लिए अधिकतम 50 हजार रुपये तक की मदद दी जाएगी। एक कलाकार को एक वित्तीय वर्ष में इस योजना का लाभ केवल एक बार मिलेगा।
आवेदन के लिए आय सीमा तय
योजना का लाभ लेने के लिए कलाकार की मासिक आय 30 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अद्यतन आय प्रमाण-पत्र देना होगा। सरकारी कर्मचारियों को कलाकार कल्याण कोष का लाभ नहीं मिलेगा।
कलाकारों को निर्धारित प्रपत्र में हस्ताक्षरित आवेदन देना होगा। इसके साथ अपनी उपलब्धियों के प्रमाण-पत्र और जरूरी दस्तावेज भी जमा करने होंगे।
कलाकार पंजीकरण जरूरी
सभी विधाओं के कलाकारों के लिए कलाकार पंजीकरण पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। वित्तीय सहायता के लिए नौ सदस्यीय अनुशंसा समिति गठित की गई है। समिति की अनुशंसा के आधार पर सहायता की स्वीकृति होगी। समिति का निर्णय अंतिम होगा।
इच्छुक कलाकार अधिक जानकारी के लिए जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, गांधी स्टेडियम स्थित अटल खेल भवन, बेगूसराय में संपर्क कर सकते हैं।






Total views : 103265