बेगूसराय। 29 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाकर मानवता और सेवा की मिसाल कायम करने वाले सामाजिक अभियान साईं की रसोई ने अपने सात वर्ष पूरे होने पर भव्य धन्यवाद एवं स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया। समारोह में सामाजिक कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों, शिक्षाविदों, गणमान्य नागरिकों और साईं की रसोई परिवार से जुड़े सदस्यों ने भाग लेकर संस्था के सात वर्षों के निरंतर सेवा कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। एक निजी विद्यालय की बच्चियों ने लोक आस्था और बिहार की संस्कृति से जुड़े झिझिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं बच्चियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना मानवता की बड़ी सेवा : संजय कुमार समारोह में पूर्व महापौर संजय कुमार ने साईं की रसोई के सात वर्षों के सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी सामाजिक अभियान की सबसे बड़ी ताकत लोगों का विश्वास और कार्यकर्ताओं का समर्पण होता है। साईं की रसोई ने जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाकर न केवल उनकी भूख मिटाने का काम किया है, बल्कि समाज में सेवा, संवेदना और मानवता की मिसाल भी कायम की है।उन्होंने रसोई परिवार को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा का यह कारवां इसी तरह निरंतर आगे बढ़ता रहे।
भोजन जरूरतमंद के लिए सम्मान और जीवन का आधार : डॉ. रंजन चौधरी हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजन चौधरी ने कहा कि भोजन केवल शरीर की आवश्यकता नहीं है, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति के लिए यह सम्मान और जीवन का आधार भी है। उन्होंने कहा कि पिछले सात वर्षों से साईं की रसोई द्वारा लगातार जरूरतमंद लोगों की सेवा किया जाना अत्यंत सराहनीय है।उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से ऐसे सेवा अभियानों से जुड़कर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
आम लोगों के सहयोग से आगे बढ़ा सेवा का कारवां: साईं की रसोई के संस्थापक सदस्यों किशन गुप्ता, नितेश रंजन और अमित जायसवाल ने संस्था की सात वर्षों की यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा कि साईं की रसोई का सफर आसान नहीं था, लेकिन आम लोगों के सहयोग, टीम के सदस्यों के समर्पण और शुभचिंतकों के विश्वास ने इस अभियान को लगातार मजबूती दी।उन्होंने कहा कि साईं की रसोई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की है, जिन्होंने भोजन, सहयोग, समय और विश्वास के माध्यम से इस अभियान को मजबूत बनाया है।
सेवा को और व्यापक बनाने का लिया संकल्प: कार्यक्रम में खाद्य मंत्री पंकज कुमार, सदस्य राघव, गौरव, रौनक, अभिषेक, ज्ञान सिंह और प्रवीण कुमार सहित अन्य लोगों ने भी साईं की रसोई के सेवा कार्यों की सराहना की।वक्ताओं ने कहा कि जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन उपलब्ध कराना मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है।
साईं की रसोई परिवार ने समारोह में मौजूद सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं, शुभचिंतकों और अभियान से प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े लोगों के प्रति आभार जताया। टीम ने आने वाले वर्षों में सेवा के इस अभियान को और व्यापक बनाने का संकल्प लिया।सात वर्ष पूरे होने का यह समारोह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उन हजारों सहयोगी हाथों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर भी बना, जिन्होंने साईं की रसोई को एक छोटे से प्रयास से समाज सेवा के मजबूत अभियान के रूप में स्थापित करने में योगदान दिया। सभी ने साईं की रसोई के सात वर्षों के निरंतर सेवा कार्यों की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं।





Total views : 102865