बेगूसराय। 29 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
तेघड़ा प्रखंड में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने शुक्रवार को विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मनीष, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने श्री गौशाला, तेघड़ा में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, बिजली, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने और भीड़ को देखते हुए प्रमुख मार्गों व प्रवेश-निकास स्थलों पर बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।डीएम ने कहा कि महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। आयोजन स्थल और आसपास नियमित सफाई तथा कचरा निष्पादन की समुचित व्यवस्था रखने का भी निर्देश दिया गया।

गोबर्धन बायोगैस प्लांट का भी किया निरीक्षण: निरीक्षण के दौरान डीएम ने श्री गौशाला परिसर में जीविका द्वारा संचालित गोबर्धन सामुदायिक बायोगैस इकाई का भी जायजा लिया। उन्होंने प्लांट के संचालन की जानकारी लेते हुए इसकी सराहना की। डीएम ने बायोगैस के अधिकतम उपयोग और प्लांट से निकलने वाली स्लरी के व्यावसायिक उपयोग की संभावनाएं विकसित करने पर जोर दिया, ताकि स्वच्छ ऊर्जा के साथ स्थानीय स्तर पर आय और रोजगार के अवसर भी बढ़ सकें।







Total views : 102610