15 जून से प्रतिदिन दो स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से सैकड़ों लोगों की जांच, परामर्श और निःशुल्क दवा वितरण; हेपेटाइटिस बी-सी की समय पर जांच और उपचार पर दिया गया विशेष जोर
बेगूसराय। 26 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति (BGJAS), बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति (BSACS) तथा स्वास्थ्य विभाग, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में 15 जून से लगातार प्रतिदिन दो समेकित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान में आईसीडीएस, पंचायती राज विभाग, नगर निकाय और जीविका का भी सक्रिय सहयोग मिल रहा है।
43 डिग्री तापमान में भी नहीं थमी टीम की सेवा: भीषण गर्मी और 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान के बावजूद BGJAS की टीम पूरे समर्पण के साथ लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में जुटी हुई है। जहां एक ओर लोग तेज धूप में घर से निकलने से बच रहे हैं, वहीं संस्था के स्वास्थ्य कर्मी प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक शिविर की तैयारी, जांच, रिपोर्टिंग और अगले दिन की योजना बनाने में निरंतर सक्रिय रहते हैं।
हर शिविर में 300 तक लोगों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाएं: प्रत्येक स्वास्थ्य शिविर में औसतन 275 से 300 लोगों की जांच की जा रही है। शिविरों में एचआईवी, सिफलिस, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, हाइपरटेंशन, हेपेटाइटिस-बी एवं सी सहित विभिन्न रोगों की जांच, परामर्श तथा चिकित्सकों द्वारा सामान्य बीमारियों का उपचार कर निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बड़ी बलिया और मनसेरपुर में लगा स्वास्थ्य शिविर: इसी क्रम में शनिवार को बड़ी बलिया एवं मनसेरपुर में समेकित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान राष्ट्रीय हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत लोगों को जागरूक किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बलिया ने कहा कि हेपेटाइटिस-बी एवं सी की समय पर पहचान और उपचार से अनेक लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से संदिग्ध मरीजों की कन्फर्मेटरी जांच कराकर उन्हें आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
टीम के समर्पण की हो रही सराहना: कार्यक्रम की सफलता में परामर्शी अंबिका कुमारी, एम एंड ई प्रभारी रविंद्र रंजन, आउटरीच वर्कर लक्ष्मी, प्रियंका, कविता, रीता, लक्ष्मण तथा सभी पीयर एजुकेटर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं संस्था के कार्यपालक निदेशक ई. कौशलेंद्र कुमार के सतत मार्गदर्शन एवं परियोजना प्रबंधक मनीष कुमार के नियमित अनुश्रवण से कार्यक्रम को प्रभावी दिशा मिल रही है।







Total views : 92236