घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और संपत्ति विवाद से जुड़े मामलों पर आयोग ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | बेगूसराय | 26 फरवरी 2026
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बेगूसराय समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभागार में “आयोग आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी, जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री एवं पुलिस अधीक्षक मनीष द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान लगभग 25 परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न के मामले प्रमुख: जन सुनवाई में प्राप्त शिकायतों में घरेलू हिंसा, शारीरिक प्रताड़ना, दहेज उत्पीड़न, संपत्ति में हिस्सेदारी से वंचित करना, ससुराल पक्ष द्वारा जबरन मायके भेज देना, कार्यस्थल पर उत्पीड़न तथा पारिवारिक विवाद जैसे मामले शामिल थे।
आयोग की सदस्य ने प्रत्येक मामले पर सुनवाई करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि जटिल मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
“महिलाओं को न्याय दिलाना आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी”: ममता कुमारी ने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाना और उनकी आवाज को सशक्त बनाना आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जनसुनवाई कार्यक्रम महिलाओं को बिना भय अपनी बात रखने का सशक्त मंच प्रदान करता है। साथ ही उन्होंने पीड़ित महिलाओं को हरसंभव सहायता तथा आवश्यक होने पर कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
मंडल कारा का निरीक्षण, महिला कैदियों के लिए साक्षरता निर्देश: कार्यक्रम के उपरांत आयोग की सदस्य ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने बेगूसराय मंडल कारा का निरीक्षण भी किया, जहां कई महिला कैदी निरक्षर पाई गईं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को महिला कैदियों के लिए साक्षरता की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि वे शिक्षा के माध्यम से सशक्त बन सकें।
8 मार्च से विशेष जनसुनवाई अभियान: आयोग द्वारा महिलाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। ‘पंचायत से पार्लियामेंट तक’ अभियान के माध्यम से महिला पंचायत प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर देश के लगभग 400–450 जिलों में 9 मार्च से 13 मार्च 2026 तक विशेष जनसुनवाई अभियान चलाया जाएगा, जिससे लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जा सके।
(रिपोर्ट: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़, बेगूसराय)






Total views : 72139