
बेगूसराय। 1 जुलाई 2025
राजद नेत्री सारिका पासवान पर तथाकथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले को लेकर बहुजन सामाजिक संगठन की महिलाओं ने मंगलवार को आक्रोश मार्च निकाल बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया गया। मार्च का नेतृत्व राजद नेत्री सुमन पासवान ने किया। इससे पहले सैकड़ों की संख्या में महिलाएं अंबेडकर भवन से आक्रोश मार्च निकाल आशुतोष कुमार और नीतीश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कैंटीन चौक पहुंची। मार्च में शामिल महिलाओं ने कहा कि आशुतोष कुमार ने सारिका पासवान के खिलाफ जिस तरह से अभद्र टिप्पणी की है वह महिलाओं का सरासर अपमान है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद भी उसे अबतक गिरफ्तार नहीं किया गया है। राजद नेत्री सुमन देवी ने कहा अभद्र टिप्पणी करना अब हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। महिलाओं के मान सम्मान की रक्षा अगर राज्य सरकार नहीं कर सकती है तो इस्तीफा दे दे। जल्द से जल्द आशुतोष को गिरफ्तार करे। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष विकाश कुमार आजाद ने आक्रोश मार्च और पुतला दहन का समर्थन किया साथ में दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक में जिस तरह से भाषा की मर्यादा गिर रही है, वह चिंता का विषय है। जिस तरह से बहुजन समाज को टारगेट किया जा रहा है यह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। मौके पर अरविंद पासवान, फुलेना पासवान, सियाराम पासवान, बमबम पासवान आदि ने आशुतोष के बयान की कड़ी निंदा करते हुए अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।