बेगूसराय, 04 नवंबर 2025 | संवाददाता – नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, बेगूसराय जिले में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के पहले चरण के मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला ने आज समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
📊 जिले में 21.40 लाख से अधिक मतदाता : बेगूसराय जिले में कुल 7 विधानसभा क्षेत्र (141 चेरियाबरियारपुर से 147 बखरी (अ.जा.) तक) हैं।कुल 21,40,977 निर्वाचक मतदान में भाग लेंगे — जिनमें 11,34,376 पुरुष, 10,02,323 महिला और 38 थर्ड जेंडर (TG) मतदाता शामिल हैं। कुल 2,537 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 511 शहरी और 2,026 ग्रामीण केंद्र हैं। औसतन प्रत्येक केंद्र पर लगभग 839 मतदाता पंजीकृत हैं। साथ ही, 22 पिंक पोलिंग स्टेशन, 07 PwDs पोलिंग स्टेशन तथा 07 यूथ पोलिंग स्टेशन भी विशेष रूप से तैयार किए गए हैं।
🔕 मौन अवधि लागू, प्रचार पर रोक : प्रचार की समाप्ति के बाद निर्वाचन क्षेत्र में मौन अवधि (Silence Period) 4 नवंबर 2025 की शाम 6 बजे से प्रभावी हो गई है। इस अवधि में किसी भी प्रकार का चुनावी प्रचार, जुलूस, सभा या लाउडस्पीकर का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, ऐसे राजनीतिक कार्यकर्ता जो संबंधित क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं, उन्हें क्षेत्र में रहने की अनुमति नहीं होगी। जिला प्रशासन ने BNSS की धारा 163 के तहत 5 से अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने या अनावश्यक आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाया है, जो 7 नवंबर 2025 तक प्रभावी रहेगा। हालांकि घर-घर जाकर व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से प्रचार की अनुमति रहेगी।
🧰 मतदान सामग्री वितरण और सुरक्षा प्रबंध : दिनांक 4 नवंबर 2025 को सभी पोलिंग पार्टियों को जनरल पैकेट दे दिए गए हैं, जबकि 5 नवंबर 2025 को सभी पार्टियों को EVM एवं VVPAT मशीनें सुरक्षा बलों की निगरानी में डिस्पैच सेंटरों से दी जाएंगी। जिले के 7 डिस्पैच सेंटर इस प्रकार हैं: 👉 आरसीएस कॉलेज, मंझौल – 141 चेरियाबरियारपुर 👉 आरकेसी +2 हाई स्कूल, बरौनी – 142 बछवाड़ा 👉 एपीएसएम कॉलेज, बरौनी – 143 तेघड़ा 👉 जीडी कॉलेज, बेगूसराय – 144 मटिहानी 👉 पीडीएसके कॉलेज, बलिया – 145 साहेबपुर कमाल 👉 जीडी कॉलेज, बेगूसराय – 146 बेगूसराय 👉 लक्ष्मी उदित नारायण उच्च विद्यालय, शकरपुरा, बखरी – 147 बखरी (अ.जा.)
📹 लाइव वेबकास्टिंग और नियंत्रण कक्ष : जिले के सभी 2,537 मतदान केंद्रों पर दो-दो CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे लाइव वेबकास्टिंग की जा रही है। इनका अनुश्रवण कारगिल विजय सभा भवन, बेगूसराय स्थित कंट्रोल रूम से किया जाएगा। इसके साथ ही यहाँ कम्युनिकेशन कंट्रोल रूम, मीडिया मॉनिटरिंग सेल, वेबकास्टिंग कंट्रोल रूम और GPS ट्रैकिंग कंट्रोल रूम भी स्थापित हैं।
👮 सुरक्षा और ट्रैफिक की सख्त व्यवस्था : प्रत्येक थाना क्षेत्र में क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तैनात की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। FST, SST, पुलिस और CAPF की टीमें लगातार जांच और नाका निरीक्षण कर रही हैं। मतदान के बाद सभी पोलिंग पार्टियाँ कृषि उत्पादन बाजार समिति, बेगूसराय स्थित रिसीविंग सेंटर पर लौटेंगी।जिला प्रशासन ने मतदान कर्मियों के सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया है।
📢 एग्जिट पोल पर प्रतिबंध और मतदाताओं से अपील: राज्य में सभी चरणों के मतदान की समाप्ति (11 नवंबर 2025) तक एग्जिट पोल के प्रकाशन या प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।जिला प्रशासन ने अपील की है कि सभी मतदाता निर्भय होकर, स्वतंत्र रूप से और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए 6 नवंबर 2025 को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।







Total views : 68925










