शोभायात्रा के साथ मंगल धाम देवघर के श्री प्रदीप कौशिक जी महाराज का होगा आगमन
बेगूसराय | 12 फरवरी 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के दिनकर भवन में 14 फरवरी को दिन के 2:00 बजे से एक विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर तिलकनगर पोखड़िया सहित शहर भर के सकल हिंदू समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है। सम्मेलन में मंगल धाम, देवघर के परम पूज्य श्री प्रदीप कौशिक जी महाराज का आगमन प्रस्तावित है, जिनका ओजस्वी उद्बोधन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा। ये बातें सकल हिन्दू समाज के अध्यक्ष डॉ. कांति मोहन ने प्रेस वार्ता में कही।
भव्य शोभा यात्रा के साथ होगा स्वागत: आयोजकों के अनुसार, उसी दिन दोपहर 2:00 बजे हर-हर महादेव चौक पर श्री प्रदीप कौशिक महाराज का स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात पटेल चौक, नौरंगा पुल एवं मुख्य बाजार मार्ग से गाजे-बाजे और हाथी-घोड़े के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यह शोभा यात्रा दिनकर भवन पहुंचकर सम्मेलन कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत करेगी।
अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील: कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. कांति मोहन सिंह ने शहर के सभी सनातन धर्मावलंबियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से यह आयोजन एक विहंगम हिंदू सम्मेलन का स्वरूप धारण करेगा।
विभिन्न सामाजिक समूहों से किया गया संपर्क: कार्यक्रम संयोजक भाकर भूषण ने जानकारी दी कि आयोजन को सफल बनाने के लिए शिक्षक समूह, चिकित्सक समूह, छात्र संगठन, व्यावसायिक वर्ग, जागो महादेव समूह तथा अधिवक्ता समूह सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों से संपर्क कर उन्हें सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी वर्गों को इस आयोजन का भागीदार बनाने का प्रयास किया गया है।
युवाओं से विशेष सहभागिता की अपील: कार्यक्रम के सहसंयोजक रंजीत कुमार (अधिवक्ता) ने विशेष रूप से नई पीढ़ी, जिसे ‘जेन जी’ कहा जाता है, से कार्यक्रम में भागीदारी की अपील की है। उन्होंने युवाओं से सनातनी एकता को मजबूत करने के लिए एकजुट होने का आग्रह किया। इस प्रेस वार्ता में अमरजीत कुमार, सुशांत कुमार, सुधीर सिंह, श्याम तिवड़ेवाल, प्रो. आशा सिंहा, रवींद्र मनोहर निक्कू, शंभू गांधी, सुमित सिंहा, सुमित सन्नी सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।







Total views : 70111