नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | बेगूसराय, 28 अक्टूबर 2025
बेगूसराय। इंडियन ऑयल की बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप में आज कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख श्री सत्य प्रकाश ने सभी कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा शपथ दिलाकर सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 का शुभारंभ किया। यह सप्ताह 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक मनाया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्देश्य और संदेश : कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों में ईमानदारी, नैतिकता और पारदर्शिता को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक (परियोजना एवं कोर ग्रुप) संजय रायजादा ने इंडियन ऑयल के अध्यक्ष ए.एस. साहनी का संदेश साझा किया, जबकि मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) जी.आर.के. मूर्ति ने निदेशक (रिफाइनरी) अरविंद कुमार का संदेश पढ़ा। मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) भास्कर हजारिका ने केन्द्रीय सतर्कता अधिकारी अनंत कुमार सिंह का संदेश प्रस्तुत किया।
सत्य प्रकाश का आह्वान : सत्य प्रकाश ने कहा कि “सत्यनिष्ठा, अनुशासन और कर्मठता से कार्य करना ही आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में सच्चा योगदान है।” उन्होंने सभी कर्मचारियों को भ्रष्टाचार मुक्त और जिम्मेदार कार्य संस्कृति अपनाने का संकल्प दिलाया।
सतर्कता रथ रवाना : महाप्रबंधक (सतर्कता) एन. राजेश ने बताया कि सप्ताह के दौरान कई जनजागरूकता कार्यक्रम और प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम के अंत में सतर्कता जागरूकता रथ को सत्य प्रकाश ने झंडा दिखाकर रवाना किया, जो बेगूसराय के ग्रामीण इलाकों में भ्रष्टाचार विरोधी संदेश फैलाएगा। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी) एस.के. सरकार, डिप्टी कमांडेंट (CISF) विजय भागुड़े, IOOA के सचिव विनोद कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
🕊️ बरौनी रिफाइनरी का संकल्प: “नैतिकता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ एक प्रगतिशील भारत के निर्माण में योगदान देना।”






Total views : 63125