189 बच्चों की सहभागिता से चकिया दुर्गा मंदिर परिसर हुआ रंगीन
बीहट / बेगूसराय | 8 फ़रवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
नगर परिषद बीहट के प्राथमिक विद्यालय चकिया, दुर्गा मंदिर प्रांगण में रविवार को गुनगुनाती धूप के बीच बच्चों की रचनात्मक ऊर्जा देखने को मिली। आकाश गंगा रंग चौपाल एसोसिएशन, बरौनी के तत्वावधान में आयोजित आर.टी. राजन स्मृति चित्रकला एवं क्राफ्ट प्रतियोगिता में कुल 189 बच्चों ने भाग लेकर खुले आसमान के नीचे रंगों की छटा बिखेरी।

प्रकृति और स्वच्छता बनी बच्चों की रचनाओं का मुख्य विषय: विभिन्न विद्यालयों से आए अलग-अलग आयु वर्ग के बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को कैनवास पर उतारते हुए प्रकृति संरक्षण और स्वच्छता अभियान का संदेश दिया। कहीं पेंटिंग, कहीं रंगोली तो कहीं क्राफ्ट के माध्यम से बच्चों ने समाज को जागरूक करने का प्रयास किया। पूरा परिसर बच्चों की चहलकदमी और रंगों की विविधता से गुलजार रहा।

रंगोली, मेहंदी और क्राफ्ट में दिखी अनोखी प्रतिभा: प्रतियोगिता में दो दर्जन से अधिक बच्चों ने क्राफ्ट में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पंक्तिबद्ध बैठकर बच्चों ने अपने रंगों से समाज को एक सूत्र में बांधने का संदेश दिया। यह आयोजन न केवल प्रतियोगिता रहा, बल्कि बच्चों की भावनाओं और सामाजिक सोच की अभिव्यक्ति का मंच भी बना।
प्रतिभागियों को मिला सम्मान, अतिथियों ने बढ़ाया हौसला: पुरस्कार वितरण जिला खेल महासंघ के अध्यक्ष सुनील कुमार, संरक्षक संजय कुमार ललन, नगर परिषद बीहट के उप मुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार, वार्ड पार्षद नेहा पटेल, एनटीपीसी के पृथ्वीराज सहित अन्य अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संयोजन आकाश गंगा के सदस्य अंकित कुमार वर्मा एवं टीम ने किया।
निर्णायक और संचालन: प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में कला एवं शिल्प महाविद्यालय पटना की जाह्नवी कुमारी और आंचल कुमारी शामिल रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन डॉ. कुंदन कुमार ने किया, जबकि स्वागत भाषण सचिव गणेश गौरव ने दिया। इस अवसर पर सचिव गणेश गौरव ने कहा कि यह प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बच्चों की व्यापक भावनाओं की अभिव्यक्ति है। वहीं सुनील कुमार सिंह ने कहा कि बच्चे रंग और कूचियों से देश को मजबूत बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम: 👉 चित्रकला (माध्यमिक): प्रथम– कमानी कुमारी, द्वितीय– शिवानी, तृतीय– शिवानी रानी, चतुर्थ– राधिका 👉 चित्रकला (मध्य): प्रथम– इंशात, द्वितीय– अक्षत आनंद, तृतीय– आयुष, चतुर्थ– कंचन कुमारी 👉 रंगोली (माध्यमिक):प्रथम– सुरभि कुमारी, द्वितीय– तन्नू कुमारी, तृतीय– मुस्कान, चतुर्थ– रोली 👉 मेहंदी व क्राफ्ट सहित अन्य वर्गों में भी बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया।
सामाजिक सहभागिता बनी आयोजन की पहचान: कार्यक्रम में आकाश गंगा एसोसिएशन के पदाधिकारी, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। बच्चों की रचनात्मक भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि सकारात्मक सोच और कला के माध्यम से समाज में बदलाव संभव है।





Total views : 69888