बेगूसराय, 18 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बुधवार को स्टेट बैंक पेंशनर एसोसिएशन की त्रैवार्षिक बैठक हर-हर महादेव चौक स्थित क्षेत्रीय कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय प्रबंधक विद्याभूषण रहे। बैठक में पटना मंडल अध्यक्ष सी.पी. सिंह, महामंत्री हरेंद्र प्रसाद, वरीय उपाध्यक्ष पी.के. सिन्हा, बीमा कंपनी से राकेश कुमार, गया अंचल अध्यक्ष गौरी शंकर सिंह एवं महामंत्री सुरेश कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए। जिले के लगभग 50 पेंशनरों की उपस्थिति रही।

पेंशन और सुविधाओं पर हुई चर्चा: कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। बैठक में बैंक से संबंधित विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि विद्याभूषण ने आश्वासन दिया कि पेंशनरों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। साथ ही मुख्य शाखा स्थित डिस्पेंसरी में दवाओं की मासिक सीमा बढ़ाने और बैंक परिसर में पेंशनरों के बैठने की समुचित व्यवस्था करने पर भी विचार किया गया।

पेंशन अपग्रेडेशन को लेकर जताई चिंता: मंडल अध्यक्ष सी.पी. सिंह ने कहा कि कमर्शियल बैंकों में पेंशन अपग्रेडेशन नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर संघ लगातार संघर्ष कर रहा है और उम्मीद है कि इसमें सफलता मिलेगी। इसके अलावा, पेंशनरों के हित में उच्च न्यायालय में चल रहे मामलों और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन जानकारी भी साझा की गई।
नई कार्यकारिणी का गठन: बैठक के अंत में अगले तीन वर्षों के लिए बेगूसराय जिला इकाई की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। 👉 अध्यक्ष: अशोक कुमार सिन्हा 👉 उपाध्यक्ष: शेखर कुमार वर्णवाल 👉 महासचिव: प्रभाकर प्रसाद सिंह 👉 उपसचिव: कैलाश साह 👉 कोषाध्यक्ष: चंद्र भूषण चौधरी 👉 कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डी.पी. सिंह, अश्विनी झा, रामभूषण सिंह, पी.पी. सिन्हा और रामप्रवेश सिंह का चयन हुआ। कमलदेव पासवान को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया।

वरिष्ठ पेंशनरों की रही उपस्थिति: सभा में अति वरिष्ठ पेंशनर शंभू मोहन सिन्हा, केदार नाथ सिंह, रामबली साहू, रमाकांत झा सहित महिला पेंशनर पूनम सिंह और मुन्नी कुमारी की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम का स्वागत भाषण अध्यक्ष अशोक कुमार सिन्हा ने दिया, जबकि संचालन प्रदीप कुमार (बिहारी) ने किया। अंत में अश्विनी झा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभा का समापन हुआ।






Total views : 75090