बेगूसराय, 9 नवंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
जनपद के प्रख्यात जनकवि रामानुज शर्मा की स्मृति में आज सर्वोदयनगर में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन प्रगतिशील लेखक संघ (प्रलेस), जनवादी लेखक संघ (जलेस), जन संस्कृति मंच (जसम) और नागरिक संवाद समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। सभा की अध्यक्षता प्रो. सीताराम प्रभंजन, नवल किशोर सिंह, विजय कुमार सिन्हा और डॉ. चंद्रशेखर चौरसिया की अध्यक्ष मंडली ने की।

🌹 साहित्य और समाज के कवि थे रामानुज शर्मा। : श्रद्धांजलि सभा में सैकड़ों साहित्यकारों, संस्कृतिकर्मियों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और परिजनों ने भाग लिया। सभी ने कवि शर्मा की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। प्रलेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र राजन ने कहा — “वे जनता के कवि थे और जनपक्षधर मूल्यों की रक्षा के लिए कभी समझौता नहीं किया।” जलेस के राज्य सचिव कुमार विनीताभ ने कहा कि “रामानुज शर्मा जनांदोलन के कवि थे। उन्होंने समाज और राजनीति के यथार्थ को अपनी कविताओं में जीवंत किया।”
✍️ कवि, एक्टिविस्ट और जनपक्षधर रचनाकार जसम के राज्य सचिव दीपक सिन्हा ने बताया कि कवि शर्मा केवल साहित्यकार नहीं, बल्कि एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता भी थे। उन्होंने कई काव्य संग्रह प्रकाशित किए, जिनमें ‘भींगे पल’, ‘छोटा आइना-बड़ा मुआयना’, ‘गांधी की लाठी’, ‘गार्डेन ऑफ पोएम’ प्रमुख हैं।उनकी गद्य रचनाएँ ‘पंच दृष्टि’ और ‘दस दृष्टि’ भी चर्चित हैं।
⚖️ संघर्षशील राजनीतिक जीवन: भाकपा माले के जिला सचिव दिवाकर कुमार ने उनके राजनीतिक जीवन को याद करते हुए कहा कि 1968 में राजनीतिक मुद्दों पर उन्हें जेल जाना पड़ा।उन्होंने 1966 से 1968 तक सोशलिस्ट पार्टी, 1969 से 1972 तक भाकपा और बाद में आई.पी.एफ. की जिला इकाई में काम किया। लेकिन वे हमेशा जनपक्षधर विचारधारा के प्रति अडिग रहे।
📜 कविता को पंपलेटों के माध्यम से जनता तक पहुँचाया: अध्यक्ष मंडल की ओर से प्रो. सीताराम सिंह ‘प्रभंजन’ ने कहा कि “रामानुज शर्मा ने कविता को किताबों से निकालकर पंपलेटों में बदला और सीधे जनता के बीच पहुँचाया।” उनके पुत्र डॉ. कमलेश शर्मा ने कहा कि पिता की अप्रकाशित रचनाओं को जल्द पुस्तक रूप में प्रकाशित किया जाएगा। इस अवसर पर संस्कृतिकर्मी कुंवर कन्हैया ने कवि को समर्पित एक गीत प्रस्तुत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रलेस के राज्य कमिटी सदस्य राम कुमार ने किया।
🙏 अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति श्रद्धांजलि सभा में अनेक साहित्यिक और सामाजिक हस्तियाँ उपस्थित थीं —कवि दीनानाथ सुमित्र, राजेश कुमार, चंद्रदेव वर्मा, प्रवीण प्रियदर्शी, अनिल अंजान, अगम कुमार, गणेश प्रसाद सिंह, अमरनाथ सिंह, चंदन वत्स, देवेंद्र कुंवर, डॉ. रामरेखा सिंह, ललन लालित्य, अनिता राय, रंजू ज्योति, महेश भारती, प्रो. अमरेश शांडिल्य, पुष्कर प्रसाद सिंह, गौतम कुमार, मुरारी मोहन, राजेंद्र नारायण सिंह, प्रवीण गुंजन, अजय कुमार, विजय कुमार, कमल वत्स, अमरेंद्र कुमार सिंह और पवन शर्मा सहित अनेक जनपदवासी उपस्थित रहे।
🖋️ कार्यक्रम आयोजकगण : दीपक सिन्हा जिला सचिव जसम, राजेश कुमार जिला सचिव जलेस, राम कुमार जिला सह राज्य कमिटी सदस्य प्रलेस, नवल किशोर सिंह संयोजक नागरिक संवाद समिति, बेगूसराय थे






Total views : 63125