एसबीआई के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल
बेगूसराय | शिक्षा व पर्यावरण। 13 दिसंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
सरस्वती संस्कृत उच्च विद्यालय, पोखरिया (बेगूसराय) में शनिवार को बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड, पटना द्वारा चिन्हित मॉडल विद्यालय के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक के सौजन्य से उपलब्ध कराए गए पौधों का वृक्षारोपण किया गया। यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ संस्कृत शिक्षा संस्थानों में हरित चेतना को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
संयुक्त रूप से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ: वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. प्रशांत कुमार, लालजी सिंह संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार तथा शंकर भवन संस्कृत उच्च विद्यालय, मेहदाशाहपुर के पूर्व प्रधानाध्यापक नवीन कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर एवं कनकौल स्थित भूमि पर पौधे लगाए गए।
मॉडल विद्यालय चयन को बताया गौरव का विषय: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड, पटना के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा द्वारा राज्य के 50 संस्कृत विद्यालयों को मॉडल विद्यालय के रूप में चयनित किया गया है। इनमें बेगूसराय जिले से सरस्वती संस्कृत उच्च विद्यालय, बेगूसराय तथा अक्षयवट संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, नावकोठी का चयन होना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक द्वारा पौधे उपलब्ध कराए जाने की पहल को सराहनीय बताया।
संस्कृत, संस्कृति और संस्कार के संरक्षण पर बल: इस मौके पर पूर्व प्रधानाध्यापक नवीन कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष संस्कृत, संस्कृति और संस्कार के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों का दायित्व है कि वे इन प्रयासों को धरातल पर उतारने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
गणमान्य लोग रहे उपस्थित: कार्यक्रम में सरस्वती संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य विश्वनाथ झा, मुखिया प्रतिनिधि अमरेंद्र कुमार यादव, विद्यालय के शिक्षक शिवम कुमार, कविता कुमारी, नयन कुमारी, कृतिका कुमारी, सोनाक्षी कुमारी, रानी कुमारी, लिपिक गौरव दीक्षित सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







Total views : 63009